• Wed. Feb 25th, 2026

36 हजार रुपये की रिश्वत लेते कांस्टेबल पकड़ा, साथी के कहने पर ली थी रकम

ByVijay Singhal

Aug 2, 2025
Spread the love
हिदुस्तान 24 टीवी न्यूज चीफ विजय सिंघल
मथुरा। नौहझील में एंटी करप्शन टीम ने गिट्टी के ट्रक चलवाने के एवज में 36 हजार रुपये की रिश्वत लेते कांस्टेबल को गिरफ्तार किया है। कांस्टेबल ने साथी कांस्टेबल के कहने पर शिकायतकर्ता से घूस की रकम ली थी। टीम ने भ्रष्टाचार निवारण की विभिन्न धाराओं में दोनों पुलिकर्मियों के खिलाफ रिफाइनरी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस के मुताबिक, आगरा के रहने वाले अनिल कुमार का ट्रांसपोर्ट का कार्य है। नौहझील क्षेत्र में गिट्टी से भरे उनके नौ ट्रकों का आवागमन रहता है। उन्होंने एंटी करप्शन टीम से की शिकायत में बताया कि नौहझील थाने में तैनात सिपाही युवराज सिंह ने उन पर दबाव बनाया कि अगर गिट्टी से भरे ट्रक इस क्षेत्र से निकालोगे तो प्रतिमाह रकम देनी होगी।
युवराज सिंह ने प्रत्येक ट्रक पर चार हजार रुपये की मांग की थी। नौ ट्रकों के आवागमन पर प्रतिमाह 36 हजार रुपये देने को कहा गया। इसके बाद पीड़ित ने सिपाही को रकम के इंतजाम का आश्वासन दिया। साथ ही करीब दो सप्ताह पहले इसकी शिकायत एंटी करप्शन टीम से कर दी।
टीम ने सिपाही की रेकी करना शुरू कर दिया और शिकायतकर्ता को पाउडर लगे 36 हजार रुपये दे दिए। बृहस्पतिवार को टीम नौहझील थाने पहुंची तो सिपाही युवराज वहां नहीं मिला। इसके बाद टीम लौट आई। शुक्रवार को फिर टीम थाने पहुंची और शिकायतकर्ता से सिपाही युवराज को फोन कराया। इस पर कांस्टेबल युवराज ने कांस्टेबल नवीन कुमार को रकम देने के लिए कहा। इस पर पीड़ित ने 36 हजार रुपये की रकम नवीन को पकड़ा दी। इसी दौरान मौजूद एंटी करप्शन की टीम ने उसे रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। टीम उसे कार में बिठाकर रिफाइनरी थाने ले गई और दोनों पुलिसकर्मियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। इसमें मुख्य आरोपी सिपाही युवराज सिंह को बनाया गया है। सीओ श्वेता वर्मा ने बताया कि एंटी करप्शन टीम ने दोनों पुलिसकर्मियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण की विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई है। इसकी विवेचना एंटी करप्शन टीम ही करेगी और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। गायब सिपाही की खोज में लगे पुलिसकर्मी इधर एंटी करप्शन टीम की कार्रवाई के बाद सिपाही युवराज सिंह थाने से गायब हो गया। वह सुबह थाने में ही था, लेकिन टीम की कार्रवाई के बाद वह लापता हो गया। फिलहाल साथी पुलिसकर्मी उसकी तलाश में जुटे हैं, लेकिन शुक्रवार देर रात तक कोई पता नहीं चल सका है।
7455095736
Vijay Singhal
Author: Vijay Singhal

50% LikesVS
50% Dislikes

Leave a Reply

Your email address will not be published.