हिदुस्तान 24 टीवी न्यूज चीफ विजय सिंघल
मथुरा। वृंदावन में मथुरा वृंदावन विकास प्राधिकरण की टीम ने वृंदावन छटीकरा मार्ग पर ग्रीन बेल्ट और सेट बैक पर अतिक्रमण करने वालों के यहाँ लाल निशान लगा दिए हैँ। हिदायत दी गई है कि उक्त क्षेत्र में अतिक्रमण न हटाया गया तो बिल्डिंग को सील कर दिया जाएगा। इससे छटीकरा मार्ग पर भवन स्वामियों में खलबली मच गई है। दरअसल पिछले काफी समय से वृंदावन छटीकरा मार्ग को हेरिटेज लुक देने की कोशिश हो रही है। इसके लिए इस फोरलेन मार्ग स्थित सभी भवनों के फ्रंट को एक रंग दिया जा रहा है। इसके बाद भी मार्ग को एकरुपता नहीं मिल पा रही है। इसमें भवन स्वामियों द्वारा ग्रीन बेल्ट और सेट बैक की जमीन पर अतिक्रमण बड़ी समस्या बना हुआ है। इस मार्ग पर बड़ी संख्या में भवन स्वामियों ने ग्रीन बेल्ट और सेड बैक की जमीन खाली छोड़ने संबंधी प्रावधान की अनदेखी कर दी है। उक्त क्षेत्र में भी व्यवसायिक गतिविधयों को अंजाम दिया जा रहा है। इसे देखते हुए सोमवार को मथुरा वृंदावन विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष एसबी सिंह ने ओएसडी प्रसून द्विवेदी, अधिशासी अभियंता प्रशांत गौतम, सहायक अभियंता अशोक चौधरी सहित अनेक अवर अभियंताओं के साथ वृंदावन छटीकरा मार्ग के दोनों और ग्रीन बेल्ट और सेट बैक की जमीन चिन्हिंत कराई। यहाँ रोड किनारे ग्रीन बेल्ट और सेट बैक में निर्धारित जमीन पर लाल निशान भी लगाए गए, जिसे भवन स्वामियों को खाली करने को कहा गया। उपाध्यक्ष एसबी सिंह ने भवन स्वामियों को हिदायत दी कि ग्रीन बेल्ट और सेट बैक की जमीन पर निर्माण, अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो संबंधित भवन को सील कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि वृंदावन छटीकरा मार्ग पर आश्रम लैंड के सामने तीन मीटर ग्रीन बेल्ट और छह मीटर सेट बैक निर्धारित है। कामर्सियल, आवासीय भूमि में तीन मीटर ग्रीन बेल्ट तथा प्लाट के अनुरूप सेट बैक निर्धारित है। उक्त क्षेत्र में सभी प्रकार का अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिए गए हैँ।
