हिदुस्तान 24 टीवी न्यूज़ चीफ विजय सिंघल
मथुरा। रेलवे जंक्शन पर साफ-सफाई का ठेका लेने वाले ठेकेदार ने सफाई कराने से इन्कार कर दिया है। रेलवे ने साफ-सफाई के लिए दूसरे ठेकेदार की तलाश शुरू कर दी है। जंक्शन की एक्टिविटी बेस में साफ-सफाई का ठेका मार्च में लखनऊ की निजी कंपनी ने लिया था। प्रतिमाह रेलवे द्वारा ठेकेदार को 22 लाख रुपये का भुगतान किया जाना था। 10 मार्च को जंक्शन की साफ-सफाई के लिए ठेकेदार ने काम शुरू कर दिया। रेलवे की शर्तों के अनुसार ठेकेदार को जंक्शन के सभी प्लेटफार्मों के साथ-साथ तीनों प्रवेश द्वारों और रेलवे ट्रैक की सफाई करनी थी। इसी के अनुपात में ठेकेदार को कर्मचारी भी लगाने थे, लेकिन पर्याप्त कर्मचारी न लगाकर गिने चुने लोगों से सफाई का काम कराना शुरू कर दिया। इसका परिणाम ये हुआ कि जंक्शन की सफाई व्यवस्था चरमरा गई। रेलवे अधिकारियों ने ठेकेदार को कई बार चेतावनी देते हुए जंक्शन की सफाई व्यवस्था में सुधार के लिए कहा, लेकिन कोई ध्यान नहीं दिया गया। अब रेलवे ने ठेकेदार को ठेका निरस्त करने का नोटिस जारी कर दिया है। इधर, सफाई ठेकेदार द्वारा सफाई के लिए हाथ खड़े किए जाने के बाद जंक्शन की सफाई व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है। जंक्शन पर केवल प्रतिदिन झाड़ू लगाकर ही सफाई की जा रही है। प्लेटफार्म पर मशीन से धुलाई नहीं हो रही है। प्लेटफार्मों पर लगे डस्टबिन भी खाली नहीं हो रहे हैं। इसके अलावा ट्रैक के बीच बनी नालियों में गंदगी का अंबार लगा है। प्रशस्ति श्रीवास्तव, जनसंपर्क अधिकारी रेलवे आगरा ने बताया, जंक्शन की सफाई का ठेका लेने वाले ठेकेदार के कर्मचारी सही तरीके से सफाई नहीं कर रहे थे। संबंधित ठेकेदार को कई बार नोटिस जारी किए गए, लेकिन उसके बाद भी कोई सुधार नहीं हुआ। अब ठेकेदार का ठेका निरस्त करने के साथ सफाई के लिए नई ठेका प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
7455095736
Author: Vijay Singhal
50% LikesVS
50% Dislikes
