पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। लखन और आशीष की दोनों टांगों व शकील की एक टांग में गोली लगी है। लखन उर्फ कल्लू पर हरदोई जिले के विभिन्न थानों में 11 मुकदमे, हरियाणा थाना हथीन में एक मुकदमा दर्ज है। आशीष उर्फ वीरेन्द्र पर हरदोई के थाना पिहानी में तीन और हरियाणा के थाना हथीन में एक मुकदमा दर्ज है। शकील पर हरियाणा के थाना हथीन में मुकदमा दर्ज है। हरियाणा से चालक को अपहरण कर भागते बदमाशों को रोकने के लिए रिफाइनरी थाना प्रभारी निरीक्षक की रणनीति काम आई। उन्होंने थाने के आगे तो बैरियर लगवाए ही। इसके अलावा हाईवे पर बाद रेलवे पुल पर भी बैरियर लगा दिए ताकि राष्ट्रीय राजमार्ग से नीचे उतारा जाए। उनकी यह रणनीति काम भी आई। थाने के पास से तो बदमाश भाग गए, लेकिन बाद पुल पर बैरियर देख उन्होंने बाद रेलवे स्टेशन की सर्विस रोड पर गाड़ी को दौड़ा दिया। बस यही गलती उनको भारी पड़ गई। बदमाशों ने गोवर्धन के रहने वाले चालक को लूटा और मथुरा की ओर ही भागे। एसएसपी ने बताया कि गोवर्धन के नगला भूरिया निवासी रनवीर सिंह राधाकृष्ण प्राइवेट लिमिटेड में चालक हैं। वह शनिवार की सुबह पिकअप में प्रिंटिंग रोल लोड करके सोनीपत और बागपत के लिए चले। शाम 7 बजे लौटते समय बादली कट के पास तीन युवकों ने हाथ देकर रोका और होडल जाने के लिए बोला। उन्होंने तीनों को बैठा लिया। कुछ दूर आगे लघुशंका के बहाने गाड़ी रुकवाई और तमंचे के बल पर चालक को बांधकर गाड़ी, दो हजार रुपये और फोन लूट लिया। बदमाश चालक को केएमजी रोड पर फेंक कर चले गए। कुछ देर बाद वहां से पुलिस की गश्त निकली तो उन्हें देखा और चालक को मुक्त कराया। इसके बाद चालक ने थाना हथीन में मुकदमा दर्ज कराया। इधर, लूट की सूचना हरियाणा पुलिस ने मथुरा को दी। सही समय पर सूचना मिलने पर बदमाश पकड़े गए।
