हिदुस्तान 24 टीवी न्यूज चीफ विजय सिंघल
मथुरा। नगर निगम मथुरा-वृंदावन की सहायक नगर आयुक्त कल्पना सिंह चौहान ने शुक्रवार को महोली रोड स्थित औद्योगिक क्षेत्र में एक फैक्ट्री पर छापामार कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में सिंगल यूज प्लास्टिक के गिलास व दौने बरामद किये। सिंगल यूज प्लास्टिक के अवैध भंडारण पर कार्रवाई करते हुए 85 हजार रुपये का जुर्माना किया गया है। बताते चलें की महानगर में प्रतिबंधित पॉलीथिन का प्रयोग और बिक्री पर पूरी तरह अंकुश नहीं लग पा रहा है। नगर निगम द्वारा पिछले पांच माह में दो हजार किलो से ज्यादा प्रतिबंधित पॉलीथिन जब्त करते हुए सात लाख रुपये से ज्यादा जुर्माना किया जा चुका है, लेकिन प्रतिबंधित पॉलीथिन का प्रयोग करने वाले अपनी आदत से बाज नहीं आ रहे हैं। विवाह समारोहों और भंडारों में धड़ल्ले से प्रतिबंधित पॉलीथन/प्लास्टिक से बने गिलास और दौनों का प्रयोग हो रहा है। बाजारों में भी इसकी बिक्री नहीं रुक रही। कारोबारियों ने औद्योगिक क्षेत्र में इनका भंडारण तक कर रखा है। शुक्रवार को इसका खुलासा एक बार फिर हो गया, जब सहायक नगर आयुक्त कल्पना सिहं चौहान ने महोली रोड स्थित औद्योगिक क्षेत्र में एक फैक्ट्री पर छापा मारा। छापे में फैक्ट्री में भारी मात्रा में प्रतिबंधित पॉलीथिन/प्लास्टिक से बने गिलास और दोनों के कार्टून बरामद हुए। तत्काल प्रवर्तन दल ने नगर निगम की ट्रेक्टर ट्राली मंगाकर उक्त माल को जब्त कराया। सहायक नगर आयुक्त कल्पना सिंह चौहान ने बताया कि महोली रोड स्थित औद्योगिक क्षेत्र में नगर आयुक्त के निर्देश पर छापामार कार्रवाई की गयी। उक्त छापा औद्योगिक इकाई पर मारा गया था, जिससे भारी मात्रा में सिंगल यूज प्लास्टिक (गिलास एवं दौना) से भरे हुए कार्टन जब्त किए गए एवं फैक्ट्री संचालक पर 85 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। फैक्ट्री संचालक को प्रतिबंधित प्लास्टिक एवं पॉलीथिन का उत्पादन एवं भंडारण न करने की चेतावनी दी गई। छापामार कार्रवाई में प्रवर्तन दल के अलावा मुख्य सफाई निरीक्षक मुकेश शर्मा, राजेश सूबेदार, दीपक शर्मा, तुलसी आदि कर्मचारी मौजूद रहे।
