• Sun. May 24th, 2026

लोगों में अपनी हनक न हो कम, इसलिए हूटर से दिखा रहे दम

ByVijay Singhal

Dec 10, 2024
Spread the love
हिदुस्तान 24 टीवी न्यूज चीफ विजय सिंघल
मथुरा। प्रदेश के मुखिया योगी आदित्यनाथ के सख्त आदेश के बाद भी जिले में वीआईपी हूटर लगे वाहनों की संख्या कम होने का नाम नहीं ले रही है। पुलिस ने यातायात माह के दौरान 206 वाहनों के चालान तो किए, लेकिन वाहनों से वीआईपी हूटर उतारने की जहमत नहीं उठाई।
लोगों में अपनी हनक दिखाने के लिए वीआईपी हूटरों का मोह वाहन स्वामी छोड़ नहीं पा रहे हैं। वीआईपी हूटरों का प्रयोग अधिकांश जनप्रतिनिधि कर रहे हैं, लेकिन इसमें सर्वाधिक प्रयोग करने वालों की संख्या पार्षद, जिला पंचायत सदस्य, ग्राम प्रधानों, छुटभैया नेताओं की है। यह लोग जनता में अपना रौब दिखाने के लिए वीआईपी हूटर लगाकर चल रहे हैं। इसके अलावा कुछ ऐसे भी लोगों के वाहनों में वीआईपी हूटर लगे हैं जिनके परिजन बड़े सरकारी पदों पर आसीन हैं। वीआईपी हूटर लगे वाहनों का प्रयोग जाम और भीड़भाड़ वाले स्थान पर ज्यादा किया जाता है, ताकि अन्य वाहन चालक उन्हें रास्ता दें और उनका वाहन फर्राटा भरते हुए निकल जाए। पुलिस ने यातायात माह में ऐसे 206 वाहनों के चालान तो किए, लेकिन किसी वाहन से वीआईपी हूटर निकाला नहीं। केंद्र एवं प्रदेश सरकार ने वीआईपी कल्चर को खत्म करने के लिए सभी वाहनों से वीआईपी हूटरों को हटाने के निर्देश दिए। हूटर लगाने की इजाजत सिर्फ आपातकालीन सेवाओं में इस्तेमाल होने वाले वाहनों को दी गई। इसमें एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड और पुलिस के वाहन शामिल हैं। इसके अलावा भारत के राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति, लोकसभा अध्यक्ष और मुख्य न्यायाधीश अपने सरकारी वाहन पर हूटर लगा सकते हैं। वीआईपी हूटर लगा मिलने पर पहले बार में एक हजार रुपये और दूसरी बार में दो हजार रुपये का चालान कटता है। इसके बाद भी यदि हूटर लगा मिला तो 5 हजार रुपये का चालान कटता है। यह धनराशि इतनी कम है कि वीआईपी हूटर का इस्तेमाल करने वाले लोग इसे आसानी से चुका देते हैं। यही कारण है कि वीआईपी हूटर लगे वाहनों की संख्या में कमी नहीं आ रही है। कार स्वामी वीआईपी हूटर गाड़ी के इंजन में लगाते हैं। यही कारण है कि चेकिंग के दौरान पुलिस को इसकी जानकारी नहीं होती है। यदि कहीं पर चेकिंग होती है तो यह लोग हूटर का प्रयोग नहीं करते और पुलिस की नाक के नीचे से निकल जाते हैं। कभी कभार भूल में पुलिस चेकिंग में फंसने के बाद ही ऐसे वाहनों का चालान होता है। मनोज कुमार यादव, एसपी ट्रैफिक ने कहा, यातायात माह के दौरान वीआईपी हूटर लगे वाहनों के चालान किए गए थे। सभी से हूटर निकालने को भी बोला गया, यदि पुनः उक्त वाहन पकड़े गए तो उनके ऊपर अधिक जुर्माना किया जाएगा। इसके साथ वीआईपी हूटर लगे वाहनों के खिलाफ अलग से अभियान चलाया जाएगा।
7455095736
Vijay Singhal
Author: Vijay Singhal

50% LikesVS
50% Dislikes

Leave a Reply

Your email address will not be published.