हिदुस्तान 24 टीवी न्यूज़ चीफ विजय सिंघल
मथुरा-वृंदावन। चहुंओर राम नाम की गूंज, मंदिरों की भव्य सजावट, चौक चौराहों पर गूंजती रामचरित मानस की चौपाइयां, राम की छवि वाली पताकाओं से अटीं गलियां, जहां देखो बस राम की भक्ति में खोए ब्रजवासी। यह दृश्य देख यूं लग रहा था मानों ब्रज का कण-कण आज राममय हो गया है। अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा का जगह-जगह एलईडी के जरिए लाइव प्रसारण देखते लोगों की भीड़, भंडारों में प्रसाद वितरण का दृश्य, श्रीकृष्ण जन्मस्थान, द्वारिकाधीश मंदिर, वृंदावन स्थित ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर में भगवान राम के स्वरूप में दर्शन देते ठाकुरजी भक्तों का मन मोह रहे थे। दोपहर 12:29 बजे जैसे ही अयोध्या के भव्य मंदिर में प्रभु श्रीराम लला के विग्रह से पट्टी हटी, तो दिव्य-भव्य अलौकिक रूप देख लाइव प्रसारण देख रहे रामभक्त खुशी से नाच उठे। लोगों की आंखों से खुशी के आंसू निकल पड़े। रामभक्तों ने शंखनाद कर, घंटे घड़ियाल, मजीरा, चिमटा और अन्य वाद्य यंत्र बजाते हुए जयश्री राम के उद्घोष से माहौल गुंजायमान कर दिया। होलीगेट, क्वॉलिटी तिराहा, मसानी, सिविल लाइंस, घीया मंडी आदि जगहों पर आतिशबाजी की गई। बाजार में व्यापारियों ने भी पटाखे छोड़े। रामभक्तों ने जगह-जगह भंडारे लगाकर हलुवा, पूड़ी- सब्जी, मिष्ठान और फलों आदि का प्रसाद वितरण किया। जगह-जगह शोभायात्राएं और वाहन रैली निकाली गईं। श्रीकृष्ण जन्मस्थान और ठाकुर द्वारिकाधीश आदि मंदिरों में दीपदान किया गया। आराध्य की आरती उतारी गई और भजन संध्या का अयोजन किया गया। शाम को लोगों ने घरों में दीपदान कर प्राण प्रतिष्ठा समारोह को दिवाली सा उत्सव बना दिया।
7455095736
Author: Vijay Singhal
50% LikesVS
50% Dislikes
