हिदुस्तान 24 टीवी न्यूज चीफ विजय सिंघल
मथुरा। संस्कृति विश्वविद्यालय का खुला मैदान कोरियन पॉप संगीत की झंकार से गूंज उठा। कोरियन सिंगर अउरा ने अपने गीतों से युवाओं को साथ-साथ नाचने पर मजबूर कर दिया। कुछ गीत तो ऐसे थे जो कोरियन भाषा में थे लेकिन दिलकश आवाज और धमाकेदार संगीत के साथ सीधे युवाओं के दिल में उतरते चले गए। संस्कृति विश्वविद्यालय के खुले मैदान में बने विशाल स्टेज पर गीत संगीत की यह महफिल देर रात तक सजी और श्रोता जमे रहे। राज्य के पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह द्वारा दीप प्रज्ज्वलन से शुरु हुई सांस्कृतिक संध्या की यह शाम युवा ह्रदय मंे कई दिनों तक बसी रहेगी। कई हजार वोल्ट के ध्वनि विस्तारक यंत्रों के साथ कोरियन संगीत की शुरुआत करने आए के पॉप बैंड के गायक अउरा ने जैसे ही अपनी मधुर आवाज में ‘दिल धड़काए सीटी बजाए’ लोकप्रिय हिंदी गीत गाना शुरू किया वैसे ही कई हजार की संख्या में उपस्थित विद्यार्थी झूम उठे। ऐसा नहीं था कि कोरियन गायक अउरा को बहुत अच्छी हिंदी आती हो लेकिन हिंदी गीत गाते वक्त न उनकी रिदम टूटी न कोई शब्द अटपटा लग रहा था। गीतों का यह क्रम चलता रहा और लोग आनंद लेते रहे। उन्होंने काफी सारे हिंदी गीत भी सुनाए जैसे मैं तेरा बाय फ्रेंड, तू मेरी गर्लफ्रेंड पूरी मस्ती के साथ नाचते गाते सुनाए। संस्कृति विवि के खुले मैदान में जिधर देखो उधर युवा और युवतियां कोरियन गायक के गीतों पर झूम रहे थे। मस्ती में चूर बहुत सारे विद्यार्थी स्टेज तक पहुंच गए। उनको अउरा आकर्षित कर रहे थे और गीतों पर नाचने के लिए प्रोत्साहित भी। गीतों का यह सिलसिला थमने का नाम न ले रहा था। कोरियन गायक की प्रस्तुति के बीच संस्कृति विवि के छात्र-छात्राओं की लोकप्रिय गीतों पर नृत्य की प्रस्तुतियों ने श्रोताओं को बांध रखा था। संस्कृति विश्वविद्यालय में के-पाप संगीत संध्या का उद्घाटन करते हुए प्रदेश के पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश में कला और संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए अनेक कार्यक्रमों का आयोजन कर रहा है। भारत का कोरिया के साथ आत्म संबंध का रिश्ता है। कोरिया का के-पॉप संगीत हमारे यहां के युवाओं में बहुत लोकप्रिय है। इसी श्रंखला में विश्व पर्यटन दिवस पर संस्कृति विभाग के साथ मिलकर संस्कृति विवि में के-पाप संध्या का आयोजन किया गया। उन्होंने कहा कि पर्यटन और संस्कृति का विषय जीवन से जुड़ा है। जब से जीवन का प्रारंभ हुआ है जीवन सनातन संस्कृति से जुड़ा है। उन्होंने कहा कि योगी सरकार आने के बाद प्रदेश में पर्यटन बहुत तेजी से बढ़ा है। वर्ष 2022 में लगभग 32 करोड़ घरेलू पर्यटक उत्तर प्रदेश के विभिन्न पर्यटन स्थलों पर आये। इस समय घरेलू पर्यटन के मामले में यूपी देश में पहले स्थान पर है। संस्कृति से जुड़े कार्यक्रम कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में निवेश बढा है। ब्रज, वृंदावन, चित्रकूट, नैमिषारण्य में लगातार विकास कार्य हो रहे हैं।दरअसल, उत्तर प्रदेश और कोरिया का करीब दो हजार साल पुराना रिश्ता है। अयोध्या की राजकुमारी सूरीरत्ना जो कि बाद में कोरिया की महारानी बनीं। वहां के काफी लोग अयोध्या को अपना ननिहाल मानते हैं। यह वक्त भारत और दक्षिण कोरिया के राजनयिक संबंधों की 50वीं वर्षगांठ का भी है। इस अवसर पर प्रदेश सरकार दोनों देशों के बीच सांस्कृतिक मेल—मिलाप बढ़ा रही है। पर्यटन विभाग की ओर से प्रदेश में संगीत समारोह का आयोजन किया जा रहा है जिसमें दक्षिण कोरियन पॉप कलाकार अऊरा और फ्राइडे अपनी शानदार प्रस्तुति दे रहे हैं। कार्यक्रम की शुरुआत 12 सितंबर को ग्रेटर नोएडा से हुई, इसके बाद फिरोजाबाद, मैनपुरी, लखनऊ, कानपुर के बाद आज 27 सितंबर को मथुरा में कार्यक्रम हुआ। खासबात यह कि दक्षिण कोरियन के साथ—साथ हिंदी में भी गाने लोगों को सुना रहे हैं और कोरिया लौटने के बाद वहाँ हिन्दी भाषा का प्रचार संगीत के माध्यम से करेंगे।
