हिदुस्तान 24 टीवी न्यूज चीफ विजय सिंघल
मथुरा। दिल्ली से आगरा के लिए बुक कर लाई गई टैक्सी अर्टिगा कार को दो बदमाशों ने चालक को नशीला पदार्थ खिलाकर लूट लिया। लुटेरे चालक से नकदी और मोबाइल फोन भी लूट ले गए। मालिक ने जीपीएस सिस्टम के जरिए कार का इंजन लॉक कर दिया। इसके बाद लुटेरे कार को खंदौली टोल पर छोड़कर भाग गए। पुलिस ने अज्ञात लुटेरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
एक्सप्रेसवे राया कट के समीप एक युवक बेहोशी हाल में पड़े मिले। स्थानीय पुलिस ने युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। देर शाम होश में आए फैजल निवासी खोड़ा कालोनी, गाजियाबाद ने बताया वह टैक्सी ड्राइवर है। मंगलवार रात्रि वह नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर थे। तभी दो युवक आए और उन्होंने आगरा के लिए उनकी कार को बुक किया। एडवांस बतौर 1500 रुपये दिए। वह मालिक बुद्ध देव से बात करने के बाद आगरा के लिए चल दिए। चालक ने बताया कि मांट टोल पर युवकों ने कार को रुकवा लिया। यहां एक युवक काफी एवं बिस्किट लेकर आया। उसने उसे भी खाने के लिए दिए। इनका सेवन करने के बाद वह बेहोश से होने लगा। तभी फैजल ने मोबाइल से मालिक को संदेश भेज दिया। इसके बाद उसे होश नहीं रहा। इधर, लुटेरे मोबाइल और 1500 रुपये लूटने के बाद चालक को राया कट पर उतार कर भाग गए। संदेश मिलने के बाद कार मालिक सक्रिय हो गए। उन्होंने जीपीएस सिस्टम से कार का इंजन लाक कर दिया। तब तक लुटेरे 50 किलोमीटर दूर खंदौली टोल तक पहुंच गए थे। कार बंद होने पर लुटेरे उसे छोड़कर भाग गए। इंस्पेक्टर अजय किशोर ने बताया, कार को खंदौली से बरामद कर लिया है। प्रार्थना पत्र पर अज्ञात लुटेरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। सीसीटीवी फुटेज से पहचान कर लुटेरों को गिरफ्तार किया जाएगा।
7455095736
Author: Vijay Singhal
50% LikesVS
50% Dislikes
