हरिद्वार के चंडी घाट पर बना रहे थे वीडियो
मस्ती में मस्त सोशल मीडिया पर सुर्खियां बटोरने में डूबे युवक हरिद्वार के थाना श्यामपुर इलाके के चंडी घाट पर पहुंचे। यहां युवकों ने गाड़ियों से स्टंट करना शुरू कर दिया। युवक दो गाड़ियों को तेजी से घुमाने लगे। युवकों की इस हरकत का वहां खेल रहे बच्चों ने वीडियो बना लिया और पुलिस को सूचना दे दी।
पुलिस को आता देख युवक हुए गायब
सूचना मिलते ही श्यामपुर पुलिस चंडी घाट पहुंची। यहां पुलिस को आता देख कुछ युवक दुबक गए जबकि गाड़ी चला रहे युवकों को पुलिस ने पकड़ लिया। पुलिस ने दोनों युवकों को मर्यादा का पाठ पढ़ाया। युवकों द्वारा माफी मांगने पर पुलिस ने भविष्य में इस तरह की हरकत न करने की चेतावनी देते हुए छोड़ दिया लेकिन उनकी दोनों गाड़ी सीज कर दी।
ऑपरेशन मर्यादा के तहत की कार्यवाही
मौके पर पहुंचे श्यामपुर थाना प्रभारी विनोद थपलियाल ने युवकों को ऑपरेशन मर्यादा के तहत सबक सिखाया और धार्मिक स्थल पर मर्यादा बनाए रखने की कसम खिलाई। पुलिस ने युवकों की स्कॉर्पियो कार संख्या UP 85 BW 0024 और फोर्ड इंडेवर HR 50 H 7072 को सीज करते हुए चालान कर दिया।
कोसीकलां में हो रही चर्चा
हरिद्वार में हुई इस घटना की चर्चा कोसीकलां में तेजी से हो रही है। कोसी के नागरिकों ने नाम न बताने की शर्त पर कहा कि हरिद्वार पुलिस ने सही कदम उठाया। धार्मिक स्थल की मर्यादा बनाए रखना सभी का दायित्व है। बताया जा रहा है कि जिन युवकों को पुलिस ने हिदायत दी उनका नाम रवि तोमर और नंदू निवासी कोसीकलां हैं।
