पुलिस ने अधजले शव से निकाली हड्डियां
हिदुस्तान 24 टीवी न्यूज चीफ विजय सिंघल
मथुरा। बरसाना थाना क्षेत्र के हाथिया गांव
में एक शादीशुदा महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजन ने बिना पुलिस को बताए मंगलवार सुबह आनन-फानन में शव का अंतिम संस्कार कर दिया। इसकी जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने अधजले शव से साक्ष्य एकत्र करके जांच के लिए भेजे हैं। उधर, घटना के बाद से परिजन फरार हैं। मामला झूठी आन के खातिर हत्या से भी जोड़कर देखा जा रहा है। मामला बरसाना थाना क्षेत्र के हाथिया गांव का है। गांव में मंगलवार सुबह बिटोरे में किसी को जिंदा जलाने की सूचना से सनसनी फैल गई। सीओ राममोहन शर्मा व थाना प्रभारी प्रमोद पवार तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों से मामले की जानकारी ली।
सीओ ने बताया कि गांव निवासी राजवीर उर्फ पप्पू की 25 वर्षीय पुत्री नीतू की शादी पांच साल पहले अड़ूकी गांव निवासी लखन के साथ हुई थी। ससुराल में विवाद होने के बाद से नीतू मायके आकर माता-पिता के साथ रहने लगी। यहां उसके किसी युवक से नजदीकी संबंध थे। ऐसे में वह घर से अक्सर घंटों गायब रहती थी। परिजनों ने उसे मना किया फिर भी नहीं मानी।
ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि सोमवार रात नीतू की तबीयत खराब होने का जानकारी मिली। परिजन उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाने लगे, लेकिन रास्ते में ही दम तोड़ दिया। आरोप है कि इसके बाद मंगलवार सुबह बिना पुलिस को सूचना दिए परिजनों ने आनन-फानन में पुत्री का दाह संस्कार कर दिया। लोगों से इसकी सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और अधजले शव की हड्डियां बटोरकर फॉरेंसिंक जांच के लिए भेजीं। एसपी देहात त्रिगुण बिसेन भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। प्रारंभिक जांच में प्रेम प्रसंग की बात भी सामने आ रही है। फॉरेंसिंक जांच के बाद ही सही तथ्य सामने आ सकेंगे। फिलहाल जांच में जुटे हैं और परिजनों की तलाश कर रहे हैं।
7455095736
Author: Vijay Singhal
50% LikesVS
50% Dislikes
