• Tue. Jun 30th, 2026

कनेक्शन दे नहीं रहे, चोरी का लगा रहे आरोप

ByVijay Singhal

May 13, 2023
Spread the love

 

हिदुस्तान 24 टीवी न्यूज चीफ विजय सिंघल

मथुरा। विद्युत निगम के अधिकारी राजस्व वसूली बढ़ाने पर लगातार जोर देते हैं, लेकिन उपभोक्ता को कनेक्शन देने के लिए महीनों चक्कर लगवाते हैं। यदि आवेदन इसकी शिकायत उच्चाधिकारियों से कर दें तो उसके साथ अभद्रता करने और उसे परेशान करने का कोई मौका नहीं छोड़ते हैं। सौंख रोड स्थित एक प्रतिष्ठान का ऐसा ही एक मामला प्रकाश में आया है। ब्रज यातायात एवं पर्यावरण जनजागरूकता समिति के अध्यक्ष विनोद दीक्षित ने बताया कि उन्होंने सौंख रोड पर विंटेज गाड़ियों की दुकान खोली है। उन्होंने 13 अप्रैल को कनेक्शन के लिए ऑनलाइन आवेदन किया था। इसके साथ ही अधिकारियों को व्यक्तिगत रूप से भी प्रार्थना पत्र देकर कनेक्शन की मांग की। आरोप है कि विद्युत निगम के अधिकारी सुविधा शुल्क के बिना कनेक्शन देने को तैयार नहीं है। निगम के जेई आए दिन उन्हें फोन करके मानसिक प्रताड़ना देते हैं। शुक्रवार को अधिशासी अभियंता कुंवर शर्मा टीम के साथ प्रतिष्ठान पर पहुंच गए और चोरी से लाइट जलाने का आरोप लगाने लगे। उन्होंने बताया कि उनके प्रतिष्ठान में इनवर्टर लगा हुआ है जो कि जेनरेटर से चार्ज होता है। इसके बाद भी चोरी का आरोप लगाते हुए अभद्रता की। जब उन्होंने इसकी वीडियो बनानी शुरू की और अधिकारियों से पूछा कि बताओ चोरी कहां से हो रही है तो वह कोई जवाब नहीं दे पाए। इसके साथ ही उन्होंने 112 पुलिस को तथा एसएसपी को इसकी जानकारी दी। इसके बाद निगम की टीम भाग गई। पीड़ित ने बताया कि इसकी शिकायत उन्होंने मुख्यालय बैठे अधिकारियों और ऊर्जा मंत्री से को भी दी है। उन्होंने हाईवे थाने में दी तहरीर में अधिशासी अभियंता कुंवर शर्मा पर धमकी और उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। कुंवर शर्मा, अधिशासी अभियंता ने कहा जिस परिसर में नया प्रतिष्ठान खुला है वहां पर पहले धर्मकांटा चलता था और कई बार बिजली चोरी पकड़ी गई थी। बिजली चोरी की सूचना पर टीम गई थी। न को किसी के साथ अभद्रता की गई है और न धमकी दी गई है। आवेदक यदि प्रार्थना पत्र देता है तो नियमानुसार उसका प्रस्ताव बनाकर भेजा जाएगा और विद्युत कनेक्शन दिया जाएगा। उमेश चंद त्रिपाठी, प्रभारी निरीक्षक हाईवे ने कहा मतगणना की व्यवस्थाओं में ड्यूटी लगी हुई है। इसलिए थाने पर ज्यादा बैठ नहीं पा रहा हूं। यदि तहरीर आई होगी तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Vijay Singhal
Author: Vijay Singhal

50% LikesVS
50% Dislikes

Leave a Reply

Your email address will not be published.