हिदुस्तान 24 टीवी न्यूज चीफ विजय सिंघल
मथुरा में निकाय चुनाव में 38.52 वोटिंग हुई है। शहर की सरकार चुनने के लिए वोटर्स तैयार हैं। मथुरा में नगर निगम,नगर पालिका सहित 15 निकाय के लिए मतदान हो रहा है। मथुरा में 262 मतदान केंद्रों के 890 बूथ पर मतदान चल रहा है। निकाय चुनाव निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। निकाय चुनाव में मतदान के लिए मथुरा को 24 जोनल और 57 सेक्टर में विभाजित किया गया है। यहां 113 संवेदनशील और 118 अति संवेदनशील केंद्र चयनित किए गए हैं। इनमें 32 ऐसे केंद्र हैं जो अति संवेदनशील प्लस हैं। सबसे ज्यादा अति संवेदनशील केंद्र मथुरा वृंदावन नगर निगम में हैं। यहां 72 अति संवेदनशील केंद्र हैं।
मथुरा वृंदावन नगर निगम में मेयर पद के लिए 8 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। वहीं 70 वार्ड में 399 प्रत्याशी चुनाव लड़ कर अपना भाग्य आजमा रहे हैं। 12 दिन तक मतदाताओं को अपने पक्ष में मतदान करने के लिए रिझाने के बाद अब बारी मतदाताओं की है। यहां भाजपा से विनोद अग्रवाल,कांग्रेस के चुनाव चिन्ह हाथ का पंजा से श्याम सुंदर उपाध्याय बिट्टू, कांग्रेस पार्टी द्वारा समर्थित पूर्व विधायक राजकुमार रावत, सपा प्रत्याशी होने का दावा करने वाले तुलसीराम शर्मा, आम आदमी पार्टी से प्रवीण भारद्वाज, बसपा से राजा मोहतिम अहमद, राष्ट्रीय शोषित समाज पार्टी से बबिता और निर्दलीय रमेश चुनाव लड़ रहे हैं।
नगर निगम के अलावा मथुरा में कोसी नगर पालिका और 13 नगर पंचायत के लिए भी मतदान हो रहा है। यहां कोसी नगर पालिका में अध्यक्ष पद के लिए 13 और सभासद पद के लिए 86 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। वहीं 13 नगर पंचायतों में अध्यक्ष पद के लिए 175 और सभासद पद के लिए 554 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं। कोसी नगर पालिका क्षेत्र में 14 मतदान केंद्रों के 44 बूथ पर 49 हजार 978 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। नगरीय निकाय सामान्य निर्वाचन 2023 को निष्पक्ष, शांतिपूर्वक, स्वतंत्र एवं सुचारु रुप से सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला निर्वाचन अधिकारी पुलकित खरे ने अपील की है कि निकाय चुनाव में वोटर आइडी न होने पर भी मतदाता मतदान कर सकेंगे। डीएम ने बताया कि मतदान के लिए निर्वाचक फोटो पहचान पत्र या आयोग द्वारा निर्दिष्ट 11 वैकल्पिक दस्तावेजों के माध्यम से मतदान कर सकते हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी आम जन मानस से अपील की है कि स्वस्थ्य एवं जीवंत लोकतंत्र के निर्माण में भागीदार बनें। मतदान करना आपका हक एवं दायित्व है। बिना किसी भय एवं प्रलोभन के मतदान करें। मतदेय स्थल पर इलैक्ट्रोनिक यंत्र मोबाइल, टैबलेट, कैमरा आदि लेकर न आएं। मतदेय स्थल पर पंक्ति में खडे होकर अपनी बारी आने पर शांतिपूर्वक तरीके से मतदान पूर्ण करें। किसी भी पार्टी या उम्मीदवार के वाहन में न आए। यदि आप निजी वाहन में आ रहे है तो वाहन को मतदान केन्द्र से 100 मीटर दूर खडा करें। अपनी पहचान स्थापित करने के लिए वैकल्पिक फोटो पहचान दस्तावेजों में कोई एक प्रस्तुत कर सकते हैं जैसे पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस, राज्य व केन्द्र सरकार के लोक उपक्रम, पब्लिक लिमिटेड कम्पनियों द्वारा अपने कर्मचारियों को जारी किए गये फोटो युक्त सेवा पहचान-पत्र, बैकों व डाकघरों द्वारा जारी की गई फोटोयुक्त पासबुक, पैन कार्ड, एनपीआर के अंतर्गत आरजीआई द्वारा जारी किये गये स्मार्ट कार्ड, मनरेगा जॉब कार्ड, श्रम मंत्रालय की योजना के अन्तर्गत जारी स्वास्थ्य बीमा स्मार्ट कार्ड, फोटोयुक्त पेंशन दस्तावेज, सांसदों, विधायकों व विधान परिषद सदस्यों को जारी किये गये सरकारी पहचान पत्र तथा आधार कार्ड से मतदान कर सकते हैं। मथुरा में नगर निगम के मेयर और पार्षद पद के लिए ईवीएम मशीन से वोटिंग की जा रही है। वहीं कोसी नगर पालिका और 13 नगर पंचायतों में अध्यक्ष और सभासद पद के लिए बैलेट पेपर से मतदान हो रहा है। नगर निगम में 1379 ईवीएम का प्रयोग किया गया है। मथुरा में मतदाताओं में मतदान के प्रति उत्साह देखने को मिल रहा है। हालांकि मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की भीड़ नजर नहीं आ रही। वृंदावन के मतदान केंद्रों पर साधु संत,मुस्लिम महिलाएं मतदान करने के लिए निकल रही हैं। बजाजा पोलिंग स्टेशन पर 95 वर्ष की धन देवी मतदान करने पहुंचीं। मतदान करने के बाद धन देवी ने बताया कि मतदान सभी को करना चाहिए। उनका जब से वोट बना है वह हर चुनाव में मतदान करती हैं। धन देवी ने कहा कि जो मतदान नहीं करता वह पाप करता है। निकाय चुनाव को निष्पक्ष,
शांतिपूर्ण और भयमुक्त कराने के लिए सुरक्षा के भी कड़े इंतजाम किए गए हैं। चुनाव में उत्तर प्रदेश पुलिस के अलावा ,पीएसी, होमगार्ड और अर्ध सैनिक बलों को भी तैनात किया गया है। चुनाव के दौरान किसी प्रकार की गड़बड़ी न हो इसके लिए मथुरा की आगरा,अलीगढ़,हाथरस के अलावा राजस्थान के भरतपुर और हरियाणा के पलवल जिले से लगने वाली सीमाएं सील कर दी गई हैं।
7455095736
