हिदुस्तान 24 टीवी न्यूज चीफ विजय सिंघल
मथुरा। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर दर्शन करने आए उन्नाव के परिवार की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब पांच माह का मासूम अचानक लापता हो गया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से बच्चे को चोरी करने वाले महिला और उसके प्रेमी को मुरैना से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में सामने आया कि महिला की बच्चेदानी खराब होने के कारण उसकी कोई संतान नहीं थी और संतान की चाह में उसने प्रेमी के साथ मिलकर मासूम को चुराने की योजना बनाई थी। उन्नाव जिले के असोहा थाना क्षेत्र के पाठकपुर निवासी 28 वर्षीय देवशंकर मिश्र मजदूरी करते हैं। वह चार सितंबर को पत्नी गौरी मिश्रा, तीन वर्षीय बेटी प्रिया और पांच माह के बेटे सूर्या के साथ मथुरा आए थे। छह सितंबर को दर्शन के बाद परिवार मथुरा जंक्शन के द्वितीय प्रवेश द्वार के बाहर सर्कुलेटिंग एरिया स्थित यात्री प्रतीक्षालय में ठहर गया। यहां उनकी मुलाकात एक युवक-युवती से हुई, जिन्होंने खुद को पति-पत्नी बताया। छह और सात सितंबर को दोनों देवशंकर के साथ ही रहे। सात सितंबर की सुबह करीब पांच बजे गौरी लघुशंका के लिए गईं। लौटकर देखा तो पांच माह का सूर्या गायब था। सूचना पर हाईवे थाना पुलिस और आरपीएफ ने स्टेशन के सीसीटीवी खंगाले। फुटेज में वही युवक-युवती मासूम को लेकर जाते दिखाई दिए। सीओ रिफाइनरी प्रवीण कुमार तिवारी ने बताया जांच में पता चला कि मुरैना के बिशनपुर निवासी सीमा की शादी वर्ष 2018 में देशराज से हुई थी। बच्चेदानी खराब होने के कारण उसकी संतान नहीं हुई। इसी बात को लेकर पति-पत्नी में अक्सर विवाद होता था। करीब तीन वर्ष से सीमा नूराबाद क्षेत्र के जरेरूआ निवासी संजीव के साथ लिव-इन में रह रही थी। बताया गया कि मथुरा में घूमते समय एक बाबा ने उसे जल्द संतान सुख मिलने की बात कही थी। इसके बाद दोनों ने मासूम को चोरी करने की साजिश रची। पुलिस ने दोनों को मुरैना के गांव बसइया मंदिर के पास से गिरफ्तार कर मासूम को बरामद कर लिया।
7455095736
मथुरा स्टेशन से बच्चा चोरी का पर्दाफाश, महिला ने प्रेमी संग चुराया मासूम, मुरैना से गिरफ्तार
