हिदुस्तान 24 टीवी न्यूज चीफ विजय सिंघल
मथुरा। जवाहर बाग अब श्रीकृष्ण लीला थीम पर नए स्वरूप में नजर आएगा। वैश्विक नगर सृजन योजना में करीब 23 करोड़ रुपये से इसे आधुनिक वेस्ट टू वंडर पार्क के रूप में विकसित किया जाएगा। नगर आयुक्त ओजस्वी राज ने निरीक्षण कर कार्यों की तैयारियों का जायजा लिया राजकीय उद्यान में प्रस्तावित पार्क में भगवान कृष्ण की लीलाओं के साथ भक्ति परंपरा और ब्रज संस्कृति को भी थीम में शामिल किया जाएगा। यहां वेस्ट टू वंडर अवधारणा में अपशिष्ट और अनुपयोगी सामग्री से कलाकृतियां, थीम आधारित संरचनाएं और सृजनात्मक इंस्टॉलेशन तैयार होंगे। नगर आयुक्त ने जरूरी एनओसी और औपचारिकताएं जल्द पूरी कर अक्तूबर के प्रथम सप्ताह में कार्य शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने गुणवत्ता, सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण एवं समयबद्धता पर विशेष जोर दिया। वहीं नर्सरी और हरित क्षेत्रों को सुरक्षित रखते हुए संशोधित लेआउट तैयार करने के निर्देश दिए। इसमें लैंडस्केपिंग, बैठने की व्यवस्था, पैदल पथ, हरित क्षेत्र, प्रकाश, स्वच्छता आदि सुविधाएं भी विकसित होंगी। परियोजना पूरी होने पर बाग स्थानियों के साथ देश-विदेश के श्रद्धालु और पर्यटकों के लिए भी आकर्षण का केंद्र बनेगा। इस दौरान जिला उद्यान अधिकारी प्रशांत सिंह, मुख्य अभियंता (निर्माण) संजय सिंह चौहान, एक्सईएन (निर्माण) अमरेंद्र गौतम एवं कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
7455095736
जवाहर बाग में सजेगा श्रीकृष्ण की लीलाओं का दिव्य संसार
