हिदुस्तान 24 टीवी न्यूज चीफ सिंघल
मथुरा जिले में दामाद ने ससुराल वालों की जमकर पिटाई की। वो अपने पहलवान मित्रों के साथ आया था। इस दौरान ससुराल वालों को पीटने का जिसने भी विरोध किया, उनको भी नहीं छोड़ा। इस कदर पिटाई की गई कि एक पड़ोसी का हाथ टूट गया, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हुआ है। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ससुराल वालों की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी दामाद के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। ससुराल वालों ने दामाद और उसके साथियों के खिलाफ हाईवे थाना में मुकदमा दर्ज कराया है। पहलवान दामाद ने ससुराल में जमकर तांड़व मचाया। पहले ससुराल वालों को पीटा। फिर उन्हें जो भी बचाने आया वो भी पहलवान के गुस्से का शिकार हो गया। हाईवे थाना क्षेत्र के देवीपुरा निवासी कुंवर पुत्र किशन सिंह ने बताया कि उनकी भतीजी लक्ष्मी की शादी पूंठरी, कोसीकलां में हुई है। लक्ष्मी का पति जय सिंह, पहलवान है। वो आए दिन लक्ष्मी के साथ विवाद करता रहता है। कई बार तो उसकी शिकायत को अनदेखा कर दिया गया, लेकिन गुरुवार को लक्ष्मी का फिर से फोन आया। उसने बताया कि पति ने उसकी पिटाई की है। इस खबर के मिलते ही मायका पक्ष के लोग गुस्से से आग बबूला हो गए। बताया गया है कि मायका पक्ष के लोगों ने दामाद से बात की। फोन पर ही दोनों ओर से बहस भी हुई, लेकिन दामाद को ये बात बुरी लग गई कि पति और पत्नी के विवाद में मायके के लोग बोल रहे हैं। इसी बात से वो नाराज हो गया और ससुराल में आ धमका। पीड़ित परिवारीजनों ने बताया कि दामाद अपने कुछ पहलवान दोस्तों के साथ आया। यहां उसने ससुराल वालों से मारपीट शुरू कर दी। बीच-बचाव करने के लिए आए पड़ोसी रामेश्वर और जगमोहन को भी नहीं छोड़ा। दामाद ने फायरिंग करते हुए धमकी भी दी, जिससे वे लोग दहशत में आ गए। दामाद और उसके साथियों ने इस कदर पिटाई लगाई, जिसकी वजह से पड़ोसी जगमोहन का हाथ टूट गया है, वहीं रामेश्वर भी घायल हैं। दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं मामले की जानकारी देते हुए इंस्पेक्टर हाईवे थाना उमेश चंद्र त्रिपाठी ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है। आरोपियों की धरपकड़ को भी दबिश दी जा रही है।
7455095736
Author: Vijay Singhal
100% LikesVS
0% Dislikes
