हिदुस्तान 24 टीवी न्यूज चीफ विजय सिंघल
मथुरा। वृंदावन में यमुना तट स्थित कुंभ क्षेत्र अब भक्तों को प्राचीन वृंदावन का आभास कराएगा। उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद इसे रमणीक वन स्थल के रूप में विकसित कर रहा है, जहां श्रद्धालु प्राकृतिक वातावरण में बैठकर भजन-कीर्तन और भागवत कथा का श्रवण कर सकेंगे। इस परियोजना के तहत 4.35 करोड़ रुपये की लागत से यात्री शेड का निर्माण किया जा रहा है, जिसका भूमि पूजन परिषद के सीईओ श्याम बहादुर सिंह और संत समाज की उपस्थिति में संपन्न हुआ। यह क्षेत्र 56 हेक्टेयर में फैला है जिसे संरक्षित घोषित किया गया है। परिषद ने इस स्थल को वृंदावन की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत के अनुरूप विकसित करने की योजना बनाई है। यहां 10,000 कृष्णकालीन पौधे लगाए जा चुके हैं, जिनमें पीपल, नीम, पाकड़, कदंब, मौलश्री, अर्जुन, वट, गूलर और पलाश जैसे वृक्ष शामिल हैं। साथ ही शोभायमान और सुगंधित पौधों की भी व्यवस्था की गई है ताकि श्रद्धालु हरियाली के बीच शांति और आध्यात्मिकता का अनुभव कर सकें। इस मौके पर संत फूलडोल महाराज, बलराम दास महाराज, मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण के अधिशासी अभियंता प्रशांत गौतम, अवर अभियंता विमल कोहली और तकनीकी सलाहकार दूधनाथ यादव आदि मौजूद थे।
7455095736
Author: Vijay Singhal
50% LikesVS
50% Dislikes
