हिदुस्तान 24 टीवी न्यूज चीफ विजय सिंघल
मथुरा के मागोर्रा थाना क्षेत्र के नगला जंगली में 10 वर्षीय बच्ची के साथ हुए सामूहिक दुष्कर्म मामले में पुलिस की निष्क्रियता के विरोध में ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया। घटना के 12 दिन बीत जाने के बावजूद आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से आक्रोशित ग्रामीणों ने जिला मुख्यालय पर न्याय की मांग की। सर्वसमाज न्याय संघर्ष मथुरा के नेतृत्व में दर्जनों ग्रामीणों ने बट वृक्ष से जिलाधिकारी कार्यालय तक पैदल मार्च निकाला। प्रदर्शनकारियों ने वहां धरना दिया और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान गोवर्धन विधानसभा क्षेत्र के विधायक और मथुरा सांसद के खिलाफ भी नारे लगाए गए। ग्रामीणों का आरोप है कि घटना को 12 दिन हो चुके हैं, लेकिन पुलिस ने अब तक किसी भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया है। इससे पीड़िता का परिवार न्याय के लिए भटक रहा है और पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया जा रहा है। धरने में शामिल सामाजिक कार्यकर्ता अंजलि एडवोकेट ने कहा कि योगी सरकार ‘मिशन शक्ति’ और ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ जैसे अभियानों की बात करती है, लेकिन जमीनी स्तर पर मथुरा में इन अभियानों की अनदेखी हो रही है। उन्होंने पुलिस और प्रशासन को अपनी जिम्मेदारी निभाने में नाकाम बताया। आक्रोशित ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया गया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। उन्होंने दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर सख्त सजा देने की मांग की, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
7455095736
Author: Vijay Singhal
100% LikesVS
0% Dislikes
