हिदुस्तान 24 टीवी न्यूज चीफ विजय सिंघल
मथुरा। वृंदावन की खादर इलाके की जमीन पर प्लॉटिंग कर फर्जी दस्तावेजों के सहारे बेचने वाले गैंगस्टर दंपती के खिलाफ मुकदमों का सिलसिला जारी है। गैंगस्टर इमरान, उसकी पत्नी शहरुनी और कंपनी के सीईओ मो. समी व अन्य के खिलाफ गौतमबुद्ध नगर के एक व्यक्ति ने जमीन धोखाधड़ी के संबंध में मुकदमा दर्ज कराया है। वहीं, इसी जिले के एक अन्य व्यक्ति ने मुकदमे वापसी की धमकी की रिपोर्ट इमरान के खिलाफ दर्ज कराई है। दोनों मुकदमे वृंदावन थाने में दर्ज हुए हैं। इमरान खान निवासी न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी, दक्षिण दिल्ली और उसकी पत्नी शहरुनी ने वृंदावन में खादर इलाके की जमीन पर प्लाॅटिंग कर लोगों को बेचना शुरू कर दिया था। कई भोले भाले लोगों को अपने जाल में फंसाकर लाखों रुपये का चूना भी लगाया था। ताजा मुकदमा अनिल कुमार पुत्र सतवीर सिंह निवासी ग्राम कानोगढी, जेवर, गौतमबुद्ध नगर ने दर्ज कराया है। आरोप है कि आईएस बिल्डटेक प्राइवेट लि. कंपनी के डायरेक्टर इमरान खान व उसकी पत्नी शहरुनी, सीईओ मो. समी से अप्रैल 2023 में प्लॉट खरीद के संबंध में वार्ता हुई थी। वृंदावन में यमुना के किनारे अच्छी लोकेशन पर देवरहा बाबा घाट के पास अपनी जमीन बताई, जिसकी रजिस्ट्री दिखाई। भरोसा कर उन्होंने प्लॉट बुक कराते हुए 12 लाख रुपये दे दिए।
कुछ दिन बाद जानकारी हुई कि इमरान धोखाधड़ी कर रहा है। इमरान व उसकी पत्नी से पैसे मांगे तो उन्होंने वापस करने से मना कर दिया। जान से मारने की धमकी देने लगे। वहीं, सतेंद्र सिंह निवासी नगला गनेसी, जेवर, गौतम बुद्ध नगर ने धमकाने का मुकदमा दर्ज कराया है। आरोप लगाया है कि उसके द्वारा दर्ज कराए पूर्व के मुकदमे को वापस लेने के संबंध में इमरान द्वारा धमकाया जा रहा है। कई बार फोन पर धमकी देकर मुकदमा वापसी का दबाव डाल चुका है। इंस्पेक्टर आनंद कुमार शाही ने बताया कि दोनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। गैंगस्टर इमरान और उसकी पत्नी ने पुलिस गिरफ्तारी से बचते हुए खुद को कोर्ट में पिछले दिनों सरेंडर किया था। कोर्ट ने उन्हें जेल भेज दिया था। हाल में इमरान की पत्नी को जमानत मिल गई है। वहीं, मो. समी को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेजा था। पुलिस इमरान व उसकी पत्नी व साथियों के खिलाफ दर्ज गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में आरोपी की अन्य संपत्तियों को चिन्हित करने में लगी हुई है। 91 करोड़ से अधिक की संपत्ति अभी तक सीज की जा चुकी है
7455095736