हिदुस्तान 24 टीवी न्यूज चीफ विजय सिंघल
भरतपुर जिले के लखनपुर थाना क्षेत्र के गांव नगला मई में बृहस्पतिवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। सफाई करने के लिए सेप्टिक टैंक में उतरे तीन मजदूरों की मौत हो गई, जबकि उन्हें बचाने उतरे दो लोग बेहोश हो गए। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों शवों को आरबीएम अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। गांव निवासी श्याम और दिनेश ने बताया कि सुबह लगभग 7 बजे नगला मई में इंदर सिंह के मकान पर सेप्टिक टैंक की सफाई का काम चल रहा था। टीकम चंद उर्फ भोलू पुत्र रोशन (50 वर्ष) ने ठेका लिया था और आकाश पुत्र बिज्जो (19 वर्ष) व करण सिंह उर्फ बोली पुत्र सुरेश (20 वर्ष) के साथ टैंक की सफाई कर रहे थे। सेप्टिक टैंक की आठ फीट के आसपास सफाई की जा चुकी थी। मजदूर बाल्टी से टैंक की सफाई कर रहे थे, गहराई ज्यादा होने के कारण मलबा बाहर नहीं आ रहा था। इस पर टैंक में नसैनी डाल कर एक युवक को उतारा गया। इससे बात नहीं बनी तो उसे बाहर बुलाया। वह बाहर आ रहा था तभी उसका पैर नसैनी से फिसला और टैंक में जा गिरा। उसे बचाने के लिए दो और साथी टैंक में उतरे, पर वे भी गिर गए। तीनों को बचाने के लिए गांव निवासी नरेश पुत्र रोशन (45 वर्ष) एवं इंदर पुत्र जंगली (50 वर्ष) टैंक में उतरे लेकिन जहरीली गैस के कारण वे भी बेहोश होकर उसी में गिर गए।
