हिदुस्तान 24 टीवी न्यूज चीफ विजय सिंघल
मथुरा के थाना गोविंद नगर क्षेत्र स्थित पोतरा कुंड के पास गड्ढे बचाने के चक्कर में बस से स्कूटी टकरा गई। टक्कर के कारण महिला स्कूटी से उछलकर सड़क पर गिरी और उसके सिर के ऊपर से पहिया चढ़ गया। महिला की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के बाद परिजन को सौंप दिया। सीओ सिटी भूषण वर्मा ने बताया कि रविवार की दोपहर वृंदावन गेट खड़ीखाई कच्ची सड़क निवासी साधना (36) अपने पति महेश पाल और बेटी हर्षिता (8) के साथ स्कूटी से घर लौट रहे थे। तीनों लोग लक्ष्मीनगर स्थित शास्त्री नगर में अपने मकान को देखकर लौटकर पुराने घर पर जा रहे थे। अभी वह पोतरा कुंड के पास पहुंचे ही थे कि चौधरी मसाले वाले की दुकान के आगे गड्ढे को बचाने के चक्कर में स्कूटी सवार महिला के पैर बस से टकरा गए और स्कूटी अनियंत्रित हो गई। अनियंत्रित स्कूटी से उछलकर महिला सड़क पर गिरी और बस का पहिया उसके सिर पर चढ़ गया। महेश पाल और हर्षिता की चीख निकल गई। दुर्घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ लग गई। सूचना पर गोविंद नगर थाना प्रभारी कमलेश सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने चालक और बस को मौके से पकड़ लिया। पोतरा कुंड मार्ग पर यह गड्ढा पिछले काफी समय से बना हुआ था। गड्ढा भरने के लिए स्थानीय लोगों ने कई बार नगर निगम के अधिकारियों से संपर्क किया, लेकिन अधिकारियों ने इस ओर ध्यान नहीं दिया।
