हिदुस्तान 24 टीवी न्यूज चीफ विजय सिंघल
मथुरा। वृंदावन में पिछले एक वर्ष से वृंदावन के घाटों के बीच क्रूज के संचालन का नाविकों द्वारा किया जा रहा विरोध एक बार फिर जोर पकड़ गया। एजेंसी द्वारा क्रूज के साथ स्पीड बोट चलाने और विरोध करने पर नाविकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने पर नाविकों ने केशीघाट पर सोमवार को महापंचायत की। कांग्रेस नेताओं ने नाविकों की मांगों का समर्थन किया और वृहद आंदोलन की चेतावनी दी है। वहीं घाट पर पहुंचे सिटी मजिस्ट्रेट को नाविकों ने ज्ञापन दिया है। केशीघाट पर नाविकों ने नावों का संचालन बंद कर महापंचायत की। इसका नेतृत्व करते हुए नाविक बलवीर निषाद एवं राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष छत्रपाल सिंह ने कहा कि क्रूज का संचालन मथुरा-वृंदावन के बीच प्रस्तावित था, लेकिन क्रूज का संचालन वृंदावन के घाटों के बीच हो रहा है। जब यमुना का जल स्तर कम होने पर क्रूज का संचालन नहीं हो पा रहा है तो स्पीड बोट घाटों पर चलाई जा रही हैं। इससे निषाद समाज के एक हजार नाविकों का रोजगार प्रभावित हो रहा हैं। रोजगार छिनने का विरोध करने पर नाविकों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराकर उनका दमन किया जा रहा है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि क्रूज और स्पीड बोट का संचालन बंद किया जाए, उनके विरुद्ध दर्ज एफआईआर वापस ली जाए। नाविकों के समर्थन करने पहुंचे पूर्व विधायक प्रदीप माथुर ने कहा कि सरकार दोमुंही है। एक तरफ दबे कुचले समाज के उत्थान की बात करती है तो दूसरी तरफ उनका रोजगार छीन रही है। उन्होंने कहा कि क्रूज और स्पीड बोट बंद होनी चाहिए, या फिर इनका संचालन नाविकों को दिया जाए। उन्होंने बताया कि इस समस्या के निदान के लिए उन्होंने डीएम, एसएसपी से बात कर समस्या का निदान करने और मुकदमा वापस लेने की मांग की है। कार्यवाहक जिलाध्यक्ष भगवान सिंह वर्मा ने कहा कि कांग्रेस निषाद समाज पर हो रहे अत्याचार को सहन नहीं करेगी। कांग्रेस नेता कुंवर सिंह निषाद, मुकेश धनगर एवं कार्यवाहक महानगर अध्यक्ष विक्रम वाल्मीकि ने चेतावनी दी कि यदि क्रूज एवं स्पीड बोट का संचालन बंद नहीं हुआ और नाविकों पर लगी एफआईआर समाप्त नहीं हुई तो वह उग्र आंदोलन करने को बाध्य होंगे।
7455095736
Author: Vijay Singhal
50% LikesVS
50% Dislikes