हिदुस्तान 24 टीवी न्यूज चीफ विजय सिंघल
मथुरा। कान्हा की नगरी के विकास के लिए आयोजित नगर निगम बोर्ड की बैठक अखाड़े में बदल गई। विकास के बजाय भाजपा और कांग्रेस पार्षद आपस में ही भिड़ गए। इस दौरान कांग्रेस पार्षद धनंजय चौधरी पर चटनी फेंकने से बात हाथापाई तक जा पहुंची। विकास कार्यों पर चर्चा के लिए जो समय निर्धारित था, वह विवाद शांत कराने में ही बीत गया। बोर्ड ने किसी तरह 40 प्रस्तावों को मंजूरी दी, जबकि चार प्रस्ताव निरस्त कर दिए। भूतेश्वर स्थित मुकुंद धाम में नगर निगम बोर्ड की बैठक की शुरुआत सामान्य रूप से हुई। जैसे ही शहर में विकास कार्यों की धीमी गति और लचर सफाई व्यवस्था पर बात आई तो माहौल गरमाने लगा। वार्ड-63 के पार्षद संजय अग्रवाल ने उनके क्षेत्र में हुए निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर सवाल खड़े किए। यह भी बताया कि शिकायत के बाद भी अधिकारियों ने सुनवाई नहीं की, उल्टा उनके क्षेत्र में कार्य रुकवा दिए गए। इतना सुनते ही कांग्रेस पार्षद धनंजय चौधरी व अन्य कुछ पार्षदों ने डबल इंजन सरकार विरोधी नारे लगाने शुरू कर दिए। इस पर सदन में मौजूद भाजपा पार्षद अभिजीत और कुलदीप पाठक ने विरोध किया तो बात हंगामे तक जा पहुंची। कई पार्षद एकजुट हो गए और नारेबाजी कर रहे कांग्रेस पार्षदों को बाहर भेजने की मांग पर अड़ गए। मामला इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक के बाद धक्का मुक्की और फिर हाथापाई होने लगी। इसी बीच किसी ने मेज पर रखी चटनी उठाकर कांग्रेस पार्षद धनंजय चौधरी पर फेंक दी, जिससे माहौल और भी तनावपूर्ण हो गया। काफी देर तक हाथापाई चलती रही। महापौर विनोद अग्रवाल की बार-बार अपील के बाद भी कोई पीछे हटने को तैयार नहीं था। पार्षद एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाते हुए हंगामा करते रहे। करीब 10 मिनट बाद सदन में मौजूद सिटी मजिस्ट्रेट राकेश कुमार और अपर नगर आयुक्त सौरभ सिंह ने पुलिसकर्मियों की सहायता से विवाद शांत कराया। हंगामे के बीच ही किसी तरह विकास के 44 प्रस्तावों में से 40 पास कर दिए गए। इसमें आधा सैकड़ा गलियों और नालियों के निर्माण के साथ ही सरकारी योजनाओं के लिए जमीन आवंटन जैसे प्रस्ताव शामिल हैं। किसी विशेष योजना के लिए न तो चर्चा हो सकी और न ही ऐसा कोई उल्लेखनीय प्रस्ताव पास हो सका। बैठक में मंच पर नगर आयुक्त जग प्रवेश, महापौर विनोद अग्रवाल, उपसभापति मुकेश सारस्वत, पार्षद दल के उपनेता बालकृष्ण चतुर्वेदी मौजूद रहे।
7455095736
