हिदुस्तान 24 टीवी न्यूज चीफ विजय सिंघल
मथुरा। वृंदावन में जन-जन के आराध्य ठाकुर श्रीबांकेबिहारी महाराज 23 अप्रैल को अक्षय तृतीया पर भक्तों को चरण व सर्वांग दर्शन देंगे। सर्वांग दर्शन की तैयारियां मंदिर में प्रारंभ कर दी गई हैं। मंंदिर के सेवायत एवं इतिहासकार आचार्य प्रहलाद वल्लभ गोस्वामी ने बताया कि 23 अप्रैल को अक्षय तृतीय के पर्व पर प्रात:काल ठाकुर श्रीबांकेबिहारी महाराज चंदनी रंग की पीतांबरी पोषाक व स्वर्ण-रजत बेशकीमती शृंगार धारण कर भक्तजनों को चरण दर्शन प्रदान करेंगे। सांयकाल में ठाकुरजी सिल्क का चंदनी (पीत-पीले ) रंग का सनिया ( मुकुटा-धोती) धारण कर चरण-सर्वांग दर्शन प्रदान करेंगे। उन्होंने बताया कि साल में सिर्फ अक्षय तृतीया के दिन ही होने वाले ठाकुरजी के चरण व सर्वांग दर्शन उत्सव के अवसर पर प्रभुजी के संपूर्ण श्रीअंग पर चंदन लेपन करके शीतलता प्रदान करने के लिए चंदन सेवा अर्पित की जाएगी।इस मौके पर ठाकुरजी के श्रीचरणों में चंदन के गोले रखे जाएंगे और सोने-चांदी की पायल व चरण चौकी धारण कराई जाएगी। ठाकुरजी को सत्तू के लडुआ का विशेष भोग धराया जाएगा तथा आम, खरबूजा, ककड़ी, शरबत, ठंडाई इत्यादि निवेदित की जाएगी। उन्होंने बताया कि महोत्सव की तैयारियां शुरू हो गईं हैं। चंदन की लकड़ियों को गुलाब जल में भिगोकर घिसाई की जा रही है।
23 अप्रैल रविवार को अक्षय तृतीया पर्व होने के कारण ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर में भीड़ का दबाव अधिक होने की संभावना है। इसे लेकर मंदिर प्रबंधन और जिला प्रशासन के माथे पर शिकन है। जिला प्रशासन ने भीड़ के दबाव को रोकने के लिए इंतजाम शुरु कर दिए हैं। बृहस्पतिवार को बांकेबिहारी पुलिस चौकी में नगर निगम, जिला प्रशासन और पुलिस के अधिकारियों ने बैठक कर आगे की रणनीति बनाई। 23 अप्रैल को अक्षय तृतीया पर ठाकुर बांकेबिहारी महाराज सुबह चरण और शाम को सर्वांग दर्शन देंगे। रविवार के कारण अपार भीड़ होने की संभावना जताई जा रही है। वही 22 अप्रैल को संभावित ईद की छुट्टी होने के कारण शनिवार को भीड़ होने के आसार हैं। इसे लेकर नगर निगम के अपर नगर आयुक्त क्रांति शेखर सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट सौरभ दुबे और सीओ सदर ने बांकेबिहारी पुलिस चौकी में बैठक कर भीड़ को नियंत्रित करने पर विचार किया। इसके लिए बांकेबिहारी मंदिर तक पहुंचने वाले रास्तों पर चार अलग-अलग स्थानों पर बैरिकेडिंग लगाने पर भी विचार रखा, जिससे लोगों को रोक रोककर मंदिर भेजा जा सके।
7455095736