हिदुस्तान 24 टीवी न्यूज चीफ विजय सिंघल
मथुरा। व्रन्दावन में ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर में श्रद्धालुओं को दर्शन व पूजा कराने को लेकर सेवाधिकारी और परिसर में खड़े सेवायत के बीच झगड़ा हो गया। देखते ही देखते दोनों ओर से जमकर लात-घूंसे चलने लगे। दूसरे सेवायतों और मंदिर कर्मचारियों ने हस्तक्षेप कर मामला शांत किया। ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर में शुक्रवार सुबह राजभोग सेवाधिकारी विपिन गोस्वामी उर्फ कल्लन मंदिर के गेट संख्या पांच से अंदर जा रहे थे। इसी दौरान गेट के समीप के साथ खड़े सेवायत आशीष गोस्वामी के सेवादार ने मंदिर में प्रवेश कर रहे एक श्रद्धालु से माला अर्पित करने के लिए मांग ली। ये देख सेवाधिकारी ने इस पर एतराज जताया कि उनकी सेवा में दूसरा सेवायत कैसे पूजा करा सकता है। आशीष गोस्वामी का आरोप है इसी बात को लेकर सेवाधिकारी विपिन गोस्वामी ने सेवादार से मारपीट की। इसके बाद दोनों ओर से हाथापाई शुरू हो गई। कुछ लोगों ने घटना की वीडियो बना लिया। देर शाम वीडियो प्रसारित हुआ। बिहारीजी पुलिस चौकी प्रभारी राजकुमार ने कहा सेवायतों में आए दिन आपस में झगड़े हो जाते हैं। आज की घटना की जानकारी नहीं है।
