हिदुस्तान 24 टीवी न्यूज चीफ विजय सिंघल
मथुरा। थाना छाता क्षेत्र के ग्राम सिहाना में रिटायर्ड रेलवे कर्मचारी, सत्तर वर्षीय बाबूलाल पुत्र भोपाली को आरोपियों ने रास्ता रोककर लाठी-डंडों से पीटकर अधमरा कर दिया। सूचना मिलने पर परिजनों ने वृद्ध को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम सिहाना निवासी राहुल कुमार पुत्र बाबूलाल ने थाना छाता में दी तहरीर में आरोप लगाया है कि 9 जनवरी, शुक्रवार को कमल पुत्र रघुवीर और तरुण पुत्र रघुवीर ने उनके पिता बाबूलाल का रास्ता रोक लिया। आरोप है कि दोनों अभियुक्तों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की नीयत से लाठी-डंडों से हमला किया, जिससे बाबूलाल गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद अभियुक्त उन्हें मरणासन्न अवस्था में छोड़कर मौके से फरार हो गए। जैसे ही घटना की जानकारी हुई, राहुल और अन्य परिजन मौके पर पहुंचे और घायल पड़े पिता को आनन-फानन में जिला अस्पताल में भर्ती कराया। गंभीर घायल बाबूलाल की स्थिति को देखकर डॉक्टरों ने उन्हें उच्च केंद्र (हायर सेंटर) के लिए रेफर किया, जहां रास्ते में उनकी मृत्यु हो गई।वादी का यह भी आरोप है कि इसी परिवार के सौरभ पुत्र रघुवीर, अनीता पत्नी रघुवीर तथा रघुवीर पुत्र चेतराम द्वारा आए दिन गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी जाती रही है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मृतक के शव का पोस्टमार्टम करा लिया है और घटना की जांच शुरू कर दी है। कोतवाली प्रभारी छाता, कमलेश सिंह ने बताया कि घटना के दिन ही संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया था। तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम की रिपोर्ट के आधार पर अन्य धाराओं में संशोधन कर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
