हिदुस्तान 24 टीवी न्यूज चीफ विजय सिंघल
मथुरा। अमरनाथ कॉलेज के पास एक हादसा हुआ। इसमें नगर निगम के एक सफाई कर्मचारी की हाई-स्पीड ट्रेन की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। मृतक की पहचान मथुरा निवासी बंशीलाल पुत्र श्यामलाल के रूप में हुई है। वह नगर निगम में सफाई कर्मचारी के पद पर कार्यरत थे। बताया गया है कि सोमवार शाम करीब 5 बजे ड्यूटी खत्म कर बंशीलाल घर लौट रहे थे। रेलवे लाइन पार करते समय वह अचानक एक हाई-स्पीड ट्रेन की चपेट में आ गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई।हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंचे। जीआरपी और स्थानीय पुलिस टीम ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की जानकारी मिलने पर मृतक के परिवार में शोक छा गया। परिवार के सदस्य गहरे सदमे में हैं। मोहल्ले के लोगों और नगर निगम कर्मचारियों ने भी इस घटना पर दुख व्यक्त किया है। स्थानीय निवासियों ने रेलवे प्रशासन से सुरक्षा उपायों की कमी पर चिंता व्यक्त की है। उनका कहना है कि अमरनाथ कॉलेज के पास रेलवे लाइन के किनारे सुरक्षा दीवार या चेतावनी संकेत नहीं हैं, जिससे लोग अक्सर ट्रैक पार करते हैं और दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। लोगों ने भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए तत्काल सुरक्षा उपाय करने की मांग की है।
7455095736
