मथुरा। 3 दिवसीय उत्तर प्रदेश ग्लोबल इनवेस्टर्स समिट 2023 का लखनऊ में समापन हुआ। इस कार्यक्रम का मथुरा में आयोजित निवेश कुंभ में लाइव प्रसारण किया गया। मथुरा में 250 निवेशकों से लगभग 24 हजार करोड़ रुपए का निवेश प्रस्ताव मिला है। जिससे 50 हजार युवाओं को रोजगार मिलेगा। उत्तर प्रदेश ग्लोबल इनवेस्टर्स समिट-2023 के अन्तर्गत जनपद स्तरीय निवेश कुम्भ के तीसरे व अन्तिम दिन के कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक बल्देव पूरन प्रकाश, जिलाधिकारी पुलकित खरे, मुख्य विकास अधिकारी मनीष मीना, उपायुक्त उद्योग रामेंद्र कुमार द्वारा किया गया। इस अवसर पर जिला स्तरीय उद्योग बन्धु की बैठक कर उद्यमियों के विविध आयामों पर विचार विमर्श भी किया गया। लखनऊ में आयोजित ग्लोबल इनवेस्टर्स समिट-2023 के समापन समारोह के अवसर पर मुख्य अतिथि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु , उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सम्बोधन का बीएसए इंजीनियरिंग कॉलेज के सभागार में आयोजित लाइव प्रसारण उपस्थित अतिथियों, उद्यमियों व निवेशकों ने सुना। निवेश कुंभ को संबोधित करते हुए विधायक पूरन प्रकाश ने कहा कि महा निवेश के महा कुम्भ से उत्तर प्रदेश सहित मथुरा जनपद को भी मजबूती मिली है। मथुरा में पर्यटन, होटल, रिसार्ट, पोशाक, हॉस्पिटल, साड़ी, सैनिटरी फिटिंग सहित अन्य नवीन सम्भावनाओं व अवसरों में तेजी से कदम बढ़े है। उत्तर प्रदेश सरकार निवेशकों की शासन, प्रशासन से प्राप्त सुविधाओं की हर आकांक्षा को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। जिलाधिकारी पुलकित खरे ने निवेशकों को संबोधित करते हुए कहा कि आज सरकार द्वारा भय मुक्त एवं अपराध मुक्त सुरक्षित वातावरण में नवीन सम्भावनाओं के साथ उद्यम, व्यापार पुष्पित, पल्लवित हो रहा है। जनपद के निवेशकों, निर्यातकों ने दृढ़ इच्छा, संकल्प के साथ प्रदेश सरकार के ग्लोबल
इनवेस्टर्स समिट में अपनी मजबूत व दमदार सहभागिता दर्ज करायी है । निवेश महा कुम्भ के द्वारा नये उद्यमियों द्वारा नये स्टार्ट अप व्यवसाय स्थापित कर मथुरा के युवाओं को रोजगार मुहैया कराकर मथुरा के विकास गाथा को एक नई दिशा दिया जा रहा है। उपायुक्त उद्योग रामेंद्र कुमार ने बताया कि इस निवेश महा कुम्भ में मथुरा में 250 निवेशकों द्वारा लगभग 24 हजार करोड़ रुपए का निवेश प्रस्ताव मिला है। जिससे लगभग 50 हजार युवाओं को रोजगार मिलेगा। उन्होंने बताया कि जिलाधिकारी के कुशल नेतृत्व व मार्गदर्शन में निवेशकों के हर आवश्यकताओं व सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। निवेश विषयक किसी भी समस्या या जानकारी हेतु जिला उद्योग प्रोत्साहन तथा उद्यमिता विकास केन्द्र में सम्पर्क कर सकते है। जहां उनका त्वरित समाधान किया जाएगा। कार्यक्रम में जिला उद्योग बंधु की समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई। जिलाधिकारी के समक्ष उद्योग मंडल के पदाधिकारियों ने सुझाव एवं शिकायतों रखी, जिस पर संबंधित अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि उक्त शिकायतों का गुणवत्ता परक तरीके से निस्तारण किया जाये। जिलाधिकारी ने नगर निगम के अधिकारियों को निर्देश दिये कि उद्योग क्षेत्रों में साफ सफाई तथा नालों की सफाई निरंतर की जाये। पुलिस विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिये कि उद्योग क्षेत्र में सर्विस रोड़ से अतिक्रमण हटवायें, हाईवे पर सर्विस रोड़ को खाली करवाया जाये। उद्योग बंधु की बैठक में डीएम ने फायर, प्रदूषण एवं खाद्य सुरक्षा विभाग को निर्देश दिया कि संयुक्त रूप से कार्यशाला आयोजित कर व्यापारियों एवं उद्योग बंधुओं को अपने विभागों के नियमों से अवगत कराएं। जिस पर उपायुक्त उद्योग ने बताया कि 15 फरवरी को एक बैठक रखी गई है और उनके साथ समय समय पर बैठक होती रहेगी। डीएम पुलकित खरे ने हाई मास्क लाईट, स्ट्रीट लाईट, नाले का निर्माण आदि कार्यों में जोर देते हुए नगर निगम को निर्देश दिये कि उक्त सभी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूर्ण करे, जिससे व्यापारियों को परेशानी का सामना न करना पड़े। बैंकों से समन्वय कर ऋण की कार्यवाही में तेजी लाने के निर्देश दिए। कार्यक्रम में विधायक तथा जिलाधिकारी ने ओमेक्स लिमिटेड के पंकज त्यागी, सारंग होली डेज इन एण्ड रिजॉर्ट के कपिल देव उपाध्याय, राधा बल्लभ होटल एण्ड रिजॉर्ट के आकाश बंसल, एलन होटल एवं रिजॉर्ट के असित शंकर, के. डी. ग्रीन्स के नन्दन अग्रवाल, वीर इम्प्लीमेंट्स के रनवीर सिंह, हाई पैक्स ओवरसीज के संजय सिंह, वी के होटल्स के बाल किशन चौहान, होटल वृंदावन मिड डे के जगदीश सिंह, आर डी इन्टरनेशनलू के देवांश बंसल, मान सरोवर राधारानी होटल्स के राजीव कुमार वार्ष्णेय, खण्डेलवाल अग्रोसोल के अक्षय खण्डेलवाल, रोम्ब गैलरी के सुनील गंगवानी, राधा रानी ग्रीड मल्टीप्लिकेशन फार्म के मनी मनीषा, श्री जी टाइल्स के रविन्द्र कुमार, बौबी डेयरी के बौबी, रजत गोट फार्म के विपिन कुमार, पार्थ गोट फार्म के नन्द किशोर, यशपाल होटल्स एंड रिसोर्ट के रजनी सिंह तथा एल ए इंडस्ट्रीज के लईल अहमद को सम्मानित किया।