हिदुस्तान 24 टीवी न्यूज चीफ विजय सिंघल
मथुरा में इंस्टाग्राम पर अश्लील फोटो प्रसारित किए जाने से क्षुब्ध किशोरी ने विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी मौत हो गई। पिता ने मुहल्ले के ही तीन युवकों व एक महिला पर अनैतिक कार्य करने के लिए दबाव बनाने का आरोप लगाया है। कोतवाली थाना क्षेत्र के एक मुहल्ले की 17 वर्षीय किशोरी ने विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया। स्वजन ने सिटी हास्पिटल में भर्ती कराया। शनिवार शाम किशोरी की मौत हो गई। पेशे से मजदूर पिता ने आरोप लगाया कि मुहल्ले के एक युवक ने उसकी बेटी को अपने जाल में फंसा लिया। किसी तरह उसने बेटी के अश्लील फोटो खींच लिए। इसके बाद वह, दो साथी और एक महिला के साथ मिलकर बेटी पर अनैतिक कार्य का दबाव बनाने लगा। बदनामी के डर से किशोरी ने किसी को नहीं बताया। पिता ने बताया कि ये लोग बेटी को आए दिन परेशान करते थे। स्कूल जाते समय रास्ते में रोककर धमकाते थे। इस वजह से बेटी ने स्कूल जाना बंद कर दिया। हाल ही में आरोपित ने बेटी का अश्लील फोटो चेहरे पर टैग लगाकर इंस्टाग्राम आदि पर प्रसारित कर दिया। यह बेटी को पता चला तो शुक्रवार को विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया। उसकी अस्पताल में शनिवार शाम मृत्यु हो गई। शहर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक संजय पांडे का कहना है कि किशोरी ने आत्महत्या की है। आत्महत्या के पीछे के कारण क्या हैं, इसकी जांच कराई जाएगी। अब तक स्वजन ने तहरीर नहीं दी है। पिता के अनुसार, अस्पताल में भर्ती के दौरान बेटी बार-बार यही कह रही थी कि पापा मुझे बचा लो। उनका कहना था कि आरोपित एवं स्वजन हम पर कार्रवाई न करने के लिए दबाव बना रहे हैं। लेकिन, वह झुकेंगे नहीं, बेटी की मौत के जिम्मेदारों को सजा दिलाकर ही दम लेंगे। वह बार-बार यही कह रहे थे कि मुझे न्याय चाहिए।
