हिदुस्तान 24 टीवी न्यूज चीफ विजय सिंघल
मथुरा। अब मथुरा और दिल्ली तथा वाराणसी के बीच रेल सफर और आसान होगा। अब मथुरा को एक और बड़ी उपलब्धि रेल बजट में मिल गई है। नई दिल्ली-वाराणसी हाई स्पीड रेल कॉरिडोर बनने से मथुरा से 20 मिनट में जेवर एयरपोर्ट, 50 मिनट में नई दिल्ली और तीन घंटे में वाराणसी पहुंच सकेंगे। लखनऊ पहुंचने में करीब डेढ़ घंटे का समय लगेगा।हाई स्पीड रेल कारिडोर यमुना नदी के पास से होकर गुजरेगा। यहीं पर कहीं रेलवे स्टेशन बनाया जाएगा। इसे यमुना एक्सप्रेसवे से भी जोड़ा जाएगा। इस कारिडोर में एक घंटे के अंतराल में बुलेट ट्रेन मिलेगी। केंद्र सरकार ने बजट में नई दिल्ली-वाराणसी हाई स्पीड रेल कॉरिडोर सहित सात कॉरिडोर के निर्माण की घोषणा की है। यह कार्य वर्ष 2029 तक पूरा होगा। यह कारिडोर 865 किमी लंबा है। इसमें 12 रेलवे स्टेशन बनेंगे। हाई स्पीड रेल कॉरिडोर बनने से मथुरा को कई फायदे होंगे। अभी कोई भी ट्रेन सीधी जेवर एयरपोर्ट के लिए नहीं जाती है। बुलेट ट्रेन सीधे एयरपोर्ट से जुड़ी होगी। यही नहीं यह कारिडोर मथुरा से आगरा जाएगा। यह यमुना नदी और यमुना एक्सप्रेसवे के बीच में नदी के किनारे-किनारे चलेगा। रेल ट्रैक जिन जगहों से होकर गुजर रहा है। वहां सर्किल रेट कम है। रेल ट्रैक के दोनों ओर तेजी से विकास होगा। नई कालोनियां बनेंगी। इससे भूमि के रेट और भी बढ़ जाएंगे। यमुना विकास प्राधिकरण राया और वृंदावन के बीच में हेरिटेज सिटी विकसित कर रहा है।
