चार संक्रमित मिलने की खबर के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम घरों पर पहुंची। वहां जाकर टीम ने अन्य परिजन के आरटीपीसीआर के सैंपल लिए। संक्रमितों को दवाएं देकर होम आइसोलेट किया गया है। परिजन को आवश्यक हिदायतें दी गई हैं। टीम ने घर तथा आसपास के क्षेत्र में सैनिटाइजेशन किया। जिससे संक्रमण के फैलने की संभावना को कम किया जा सके। जिले में 23 मार्च से लगातार कोविड संक्रमित मिल रहे हैं। इसके बाद भी स्वास्थ्य विभाग की नींद नहीं खुल रही है। न तो विभाग द्वारा सार्वजनिक स्थानों पर रैंडम सैंपलिंग की कोई व्यवस्था की जा रही है। न ही अभी तक वैक्सीन उपलब्ध हो सकी है। वैक्सीन लगवाने के इच्छुक लोग लगातार स्वास्थ्य केंद्रों से लौटकर जा रहे हैं। इससे संक्रमण फैलने का खतरा लगातार बना है। लोग बेखौफ, नहीं कर रहे गाइडलाइन का पालन लगातार कोरोना संक्रमित मिलने के बाद भी लोग अभी भी बेखौफ हैं। वह सार्वजनिक स्थानों पर कोरोना गाइडलाइन का पालन नहीं कर रहे हैं। भीड़भाड़ वाले क्षेत्र में बिना मास्क के ही घूम रहे हैं। सार्वजनिक दूरी का पालन नहीं कर रहे हैं। मंदिरों में लाइनों में लगे भक्त भीड़ में फंसने पर असहज महसूस नहीं कर रहे हैं। इससे भी संक्रमण के फैलने की संभावना बन रही है। एक दिन के अंदर मिले चार संक्रमितों में से तीन बुजुर्ग हैं। इनमें एक महिला और दो पुरुष हैं। जोकि कोविड की चपेट में आ गए हैं। इससे प्रतीत हो रहा है कि कोरोना वायरस बुजुर्ग व्यक्तियों को आसानी से अपना शिकार बना रहा है। नोडल अधिकारी डॉ. भूदेव सिंह ने कहा कि बुजुर्ग व्यक्ति इस समय विशेष सावधानी बरतें। खांसी, जुकाम, बुखार अथवा गले में खराश होने पर तुरंत चिकित्सक से मिलें। बिना परामर्श के कोई दवा न लें। बीमारी के अधिक समय तक सही न होने पर अपनी जांच कराएं। जिससे समय पर उपचार मिल सके।
