हिदुस्तान 24 टीवी न्यूज चीफ विजय सिंघल
मथुरा। यमुना नदी में जलस्तर बढ़ने से मथुरा-वृंदावन के निचले इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति बन गई है। सोमवार को नगर आयुक्त जग प्रवेश ने प्रभावित क्षेत्रों और राहत केंद्रों का निरीक्षण कर हालात का गहन जायजा लिया। उन्होंने बाढ़ पीड़ित परिवारों से संवाद कर उनका हालचाल जाना और उन्हें हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। नगर आयुक्त ने सबसे पहले लक्ष्मी गार्डन, औरंगाबाद गोकुल बैराज के पास बने राहत केंद्र का दौरा किया। यहाँ शिविरों में रह रहे परिवारों से बातचीत कर उन्होंने भोजन, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और स्वच्छता की जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने वार्ड संख्या 29, कोयला अलीपुर के बाढ़ प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण किया और प्रभावित परिवारों से भेंट की। निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रभावित परिवारों को आवश्यकता अनुसार तत्काल राहत केंद्रों तक पहुँचाया जाए। जो लोग अभी घरों में रह रहे हैं, उन्हें भोजन व शुद्ध पेयजल की आपूर्ति निरंतर सुनिश्चित की जाए। साथ ही राहत केंद्रों और प्रभावित क्षेत्रों में एंटी-लार्वा स्प्रे, फॉगिंग व सफाई व्यवस्था नियमित रूप से कराने के आदेश दिए। नगर स्वास्थ्य अधिकारी को मार्गों पर फैली झाड़ियों की कटाई, शौचालयों की सफाई और स्वास्थ्य संबंधी अन्य व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी दिए गए। इसके बाद नगर आयुक्त ने काशीराम कॉलोनी स्थित बी.बी.आर. स्कूल राहत केंद्र का स्थलीय निरीक्षण किया। यहाँ भी उन्होंने व्यवस्थाओं की जानकारी ली और अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसी भी परिवार को असुविधा न हो तथा सभी आवश्यक सुविधाएँ समय पर उपलब्ध कराई जाएँ। नगर आयुक्त ने कहा कि प्रभावित परिवारों की सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं सुविधा नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस दिशा में पूरी तत्परता से कार्य किया जा रहा है। इस अवसर पर सहायक नगर आयुक्त कल्पना सिंह चौहान, एसडीएम सदर अभिनव जैन, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. गोपाल बाबू गर्ग सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
7455095736
Author: Vijay Singhal
50% LikesVS
50% Dislikes
