हिदुस्तान 24 टीवी न्यूज चीफ विजय सिंघल
मथुरा। वृंदावन के बनखंडी तिराहे पर सोमवार को एक खुले विद्युत पैनल बॉक्स से करंट लगने से हरियाणा की एक 60 वर्षीय श्रद्धालु महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग की लापरवाही के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। जानकारी के अनुसार, हरियाणा के कैथल से आए श्रद्धालुओं का एक दल बनखंडी तिराहे से गुजर रहा था, तभी मिन्द्रो देवी नामक यह महिला खुले पैनल बॉक्स के संपर्क में आ गईं। करंट लगने से उनका हाथ फट गया और वे मौके पर ही गिर पड़ीं। परिजनों ने तुरंत महिला को करंट से अलग किया और प्राथमिक उपचार दिया। होश आने पर घायल महिला के भाई राजेंद्र ने बिजली विभाग पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि शहर में जगह-जगह खुले विद्युत पैनल बॉक्स हादसों को न्योता दे रहे हैं और विभाग को तत्काल इन्हें बंद कर श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करनी चाहिए। घटना से आक्रोशित स्थानीय लोग मौके पर जमा हो गए और बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। लोगों ने चिंता व्यक्त की कि दीपोत्सव और दीपावली पर्व के दौरान लाखों श्रद्धालु वृंदावन आते हैं, और यदि व्यवस्थाओं में सुधार नहीं हुआ तो कोई बड़ी दुर्घटना हो सकती है। इस संबंध में अधिशासी अभियंता अनिल कपिल से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनके सरकारी नंबर पर बार-बार कॉल करने के बावजूद फोन रिसीव नहीं हुआ। स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि विभाग ने जल्द सुधारात्मक कदम नहीं उठाए तो वे व्यापक आंदोलन करेंगे।
7455095736
Author: Vijay Singhal
50% LikesVS
50% Dislikes
