हिदुस्तान 24 टीवी न्यूज चीफ विजय सिंघल
मथुरा। वृंदावन में ठाकुर बांकेबिहारी के भक्तों की आस्था है कि मौसम की मार इन पर पड़ती ही नहीं है। वर्षा हो या फिर ठिठुरनभरी सर्दी और गर्मी में चिलचिलाती धूप भी बांकेबिहारी के भक्तों के कदम रोक नहीं पाती। यही कारण है शनिवार को फूलबंगला में विराजित आराध्य बांकेबिहारी के दर्शन को भक्तों का भीड़ मंदिर में उमड़ी। भीड़ का दबाव और सिर पर तेज धूप का प्रभाव भक्तों की आस्था के सामने कमजोर नजर आ रहा था। ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर में शनिवार को भक्तों का भारी हुजूम दर्शन के लिए उमड़ पड़ा। सुबह से ही गर्म हवाएं और सिर पर तेज धूप, तपती धरती पर भक्तोंं के नंगे कदम आगे बढ़ते ही नजर आ रहे थे। मंदिर आने वाले दोनोंं रास्तों जुगलघाट और विद्यापीठ से मंदिर की ओर श्रद्धालुओं का हुजूम बढ़ता ही जा रहा था। दिन चढ़ने के साथ ही भक्तों की भीड़ में लगातार बढ़ोतरी हो रही थी। मंदिर के बाहर घंटों भीड़ का दबाव झेलते हुए श्रद्धालु अंदर पहुंच रहे थे। तो मंदिर के अंदर भी भक्तोंं का ठहराव कम नहीं था। जो श्रद्धालुओं के लिए मुसीबत का कारण बन रहा था। हालांकि फूलबंगला सजा होने के कारण ठाकुरजी जगमोहन में विराजमान होकर भक्तों को दर्शन दे रहे थे। तो मंदिर के हर कोने से श्रद्धालुओं के दर्शन सुलभ थे। ऐसे में भीड़ से बचकर अनेक श्रद्धालु एक किनारे खड़े होकर दर्शन कर रहे थे। लेकिन, भीड़ का रेला ऐसा कि पीछे से लगातार धक्के लग रहे थे और आगे खड़े श्रद्धालु बचने के लिए निकास द्वार तक पहुंच रहे थे। सुबह से शुरू हुआ श्रद्धालुओं की भीड़ का दबाव दोपहर को मंदिर के पट बंद होने तक भीड़ कम होने का नाम नहीं ले रही थी। कि शाम को भी भीड़ का रेला इसी तरह मंदिर की ओर बढ़ता नजर आया।
