हिदुस्तान 24 टीवी न्यूज चीफ विजय सिंघल
मथुरा। गोवर्धन में गिरिराज परिक्रमा मार्ग पर अवैध रूप से दौड़ रहे एक ई रिक्शा ने परिक्रमार्थी किशोरी को रौंद दिया। किशोरी का पैर टूट गया वह दर्द से कराहती रही। परिजन उसे अस्पताल लेकर गए प्राथमिक उपचार के बाद परिजन बिना परिक्रमा लगाए ही वापस मुरादाबाद लौट गए। पुलिस को भनक तक नहीं लगी। ई रिक्शा चालक घटना को अंजाम देकर आसानी से फरार हो गया। घटनाक्रम के मुताबिक मंगलवार को रुचि प्रजापति (14 ) अपने पिता बबलू निवासी मुरादाबाद के साथ गोवर्धन गिरिराज परिक्रमा लगाने आई थी। दानघाटी मंदिर से परिक्रमा शुरू की। परिक्रमा लगाते हुए राधाकुंड पहुंची तो परिक्रमा मार्ग स्थित रंगजी बगीचा के सामने तेज गति से दौड़ते ई रिक्शा ने रुचि को रौंद दिया उस का पैर टूट गया। साथ चल रहे परिजन कुछ समझ पाते तब तक ई रिक्शा चालक फरार हो गया। रुचि काफी देर तक दर्द के चलते कराहती रही, किसी तरह परिजन उसे उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद श्रद्धालु बिना परिक्रमा लगाए मुरादाबाद वापस लौट गए। अवैध ई रिक्शा संचालकों को चेयर मैन प्रतिनिधि मनीष लंबरदार का संरक्षण श्रद्वालु भक्तों के लिए घातक साबित हो रहा है। जिम्मेदार एसी में बैठकर आराम फरमा रहे हैं। ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त नजर आ रही है। सड़क पर अवैध अतिक्रमण और डग्गेमार वाहनों का कब्जा है। प्रशासन की लापरवाही से स्थानीय लोगों के अलावा श्रद्धालु भक्त सरकार को कोसते नजर आ रहे हैं। धार्मिक नगरी गिरिराज जी धाम में देश विदेश से लाखों की संख्या में श्रद्धालु भक्त परिक्रमा के लिए पहुंचते हैं। श्रद्धालु भक्तों को कोई परेशानी न हो, इसके लिए शासन से समय समय पर दिशा निर्देश दिए जाते रहे हैं। इसमें सड़क किनारे वाहन पार्क एवं अतिक्रमण पर कार्रवाई शामिल है लेकिन अधिकारियों की लापरवाही से शासन के दिशा निर्देश हवा हवाई साबित हो रहे हैं। नगर पंचायत ईओ और एस डीएम नीलम श्रीवास्तव ने जब से गोवर्धन का चार्ज गृहण किया है तब से व्यवस्थाओं पर कोई ध्यान नहीं दिया गया है। एसडीएम ने अभी तक अतिक्रमण हटाने में कोई रुचि नहीं दिखाई है। एकता तिराहा पर डग्गेमार वाहनों का कब्जा है तो सौंख अड्डा से लेकर दानघाटी तक सड़क पर होटल संचालकों की कुर्सी टेबिल और ढकेले लगी हुई हैं।
