हिदुस्तान 24 टीवी न्यूज चीफ विजय सिंघल
मथुरा। 15 मई 2017 को मथुरा में हुई दो सराफा कारोबारियों की हत्या और पांच करोड़ की डकैती में आज फैसला आएगा। पूरे प्रदेश को हिलाकर रख देने वाली इस सनसनीखेज वारदात की अदालत में सुनवाई पूरी हो गई। बुधवार को ब्रह्मतेज चतुर्वेदी स्पेशल जज ईसी एक्ट की कोर्ट में इस पर फैसला सुनाया जाएगा। आरोपियों में रंगा बिल्ला गैंग का नाम सामने आने पर सबकी नजर इस पर टिकी हैं। यह वारदात शहर के छत्ता बाजार स्थित कोयला वाली गली में हुई थी। शाम के समय सराफा कारोबारी मयंक अग्रवाल की आभूषणों की दुकान पर नकाबपोश बदमाशों ने हमला किया था। उन्होंने विरोध करने पर दुकान पर ही बैठे मयंक अग्रवाल, उनके बड़े भाई विकास अग्रवाल और एक अन्य व्यापारी मेघ अग्रवाल को गोली मार दी थी। इसमें विकास और मेघ अग्रवाल की मौत हो गई थी। मयंक को भी दो गोलियां लगी थीं और वह गंभीर रूप से घायल हो गए। गोलियां बरसाकर बदमाश दुकान से लगभग 5 करोड़ रुपये सोने-चांदी के जेवरात, कैश आदि लूटकर ले गए। फायरिंग की आवाज सुनकर लोग दौड़े लेकिन बदमाश फायरिंग करते हुए भाग निकले। थोड़ी ही देर में यह खबर आग की तरह शहर में फैल गई थी और शहर में स्थिति गंभीर हो गई। सारे बाजार बंद हो गए और व्यापारी सड़कों पर उतर आए। उन्होंने होली गेट पर कारोबारियों के शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया था। कई दिनों तक इस घटना के प्रति विरोध दर्ज कराया गया। पुलिस ने एक सप्ताह में ही इस मामले का खुलासा करते हुए दावा किया कि रंगा बिल्ला गैंग ने इस वारदात को अंजाम दिया है। पुलिस ने इस गैंग के राकेश चतुर्वेदी उर्फ रंगा, नीरज चतुर्वेदी, कामेश उर्फ चीनी, महेश यादव, सौरभ यादव, आदित्य नागर, हर्षवर्धन चतुर्वेदी, आयुष चतुर्वेदी एवं लखन नौहवार काे गिरफ्तार किया। इस मामले की सुनवाई स्पेशल जज ईसी एक्ट कोर्ट में पूरी हो चुकी है जिस पर बुधवार काे फैसले की तारीख मुकर्रर की गई है। इस सनसनीखेज डकैती एवं हत्याकांड की गूंज लखनऊ तक पहुंच गई थी। सीएम योगी आदित्यनाथ ने तत्कालीन डीजीपी सुलखान सिंह को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए थे। विभिन्न दलों के नेताओं ने भी मथुरा में ही डेरा डाल दिया था। ऐसे में पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए एक सप्ताह में मामले के खुलासा का दावा कर दिया था। मयंक के नाना डॉ. अशोक अग्रवाल ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ इस प्रकरण में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने जांच में सभी आरोपियों के नाम का खुलासा किया था। कोर्ट में मयंक अग्रवाल, मो. अली, अशोक साहू के अलावा चिकित्सक और पुलिस कर्मियों की गवाही हुई।
7455095736
Author: Vijay Singhal
50% LikesVS
50% Dislikes
