मथुरा। चौबियापाड़ा स्थित महोली की पौर के बाद कठौती कुआं मुहल्ले में मकानों में दरार आने से लोग दहशत में हैं। जान और माल की सुरक्षा के लिए लोगों ने सामान घरों से बाहर निकाल लिया है। लोगों का आरोप है कि सीवर लाइन चोक होने से मिट्टी धंस रही है और मकानों को नुकसान हो रहा है। नगर निगम क्षेत्र में चौबियापाड़ा, छोंकापाड़ा, महोली की पौर समेत कई मुहल्ले टीले पर बसे हुए हैं। यहां हजारों की संख्या में मकान हैं। इनमें हर साल दरारें आती हैं। यहां के लोगों के अनुसार मकानों में दरार आने का कारण सीवर लाइन एवं पेयजल पाइपलाइन का पानी जमीन के अंदर लीक होना बताते हैं। चार दिन से महोली की पौर में 30 से अधिक मकानों में दरारें आ गईं थीं। इसको लेकर स्थानीय लोगों ने विरोध भी जताया था। बृहस्पतिवार को अपर नगर आयुक्त रामजीलाल ने टीम के साथ क्षेत्र का दौरा कर ओपन पाइपलाइन, नालियों की मरम्मत एवं सीवरलाइन की सफाई कराने का आश्वासन दिया था। शुक्रवार को टीले से दूर समतल क्षेत्र में बसे मुहल्ला कठौती कुआं में मकानों में दरारें आने का मामला सामने आया है। यहां श्याम सुंदर, प्रकाश सिंह, चंद्रशेखर, रवि कुमार, हेमराज समेत छह लोगों के मकानों में दरारें आ गई हैं। ये दरारें एक इंच तो कहीं उससे भी अधिक हैं। मकानों में रहने वाले लोगों की जान जोखिम में है। परेशान लोगों ने घरों से सामान बाहर निकाल लिया है। वहीं लिंटर औ दीवारों को बल्ली और गार्डर के सहारे गिरने से रोकने का प्रयास कर रहे हैं। लोगों का आरोप है कि सीवरलाइन चोक होने से पूरा पानी नीचे मिट्टी में जा रहा है। इसके कारण ही मकान धंस रहे हैं। नगर निगम को भी सीवर लाइन चोक होने की सूचना दी गई थी। इसके बाद टीम निरीक्षण करने तो पहुंची, लेकिन सफाई नहीं कराई। अपर नगर आयुक्त रामजीलाल ने बताया, मामला संज्ञान में नहीं है, टीम भेजकर जानकारी कराई जाएगी।
7455095736
Author: Vijay Singhal
50% LikesVS
50% Dislikes
