• Tue. Feb 10th, 2026

कमिश्नर ने विकास कार्यों की धीमी गति पर जताई नाराजगी, दो एजेंसियों पर लगाया 15 लाख रुपए का जुर्माना

ByVijay Singhal

Jul 23, 2024
Spread the love
हिदुस्तान 24 टीवी न्यूज चीफ विजय सिंघल
मथुरा। आगरा मंडल की कमिश्नर रितु माहेश्वरी ने मथुरा वृंदावन विकास प्राधिकरण के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वह एक माह के अंदर बरसाना गोवर्धन मथुरा वृंदावन में प्रस्तावित विकास कार्यों के टेंडर निकालकर कार्य प्रारंभ कर दें। कमिश्नर ने मथुरा वृंदावन महानगर क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर महापुरुषों की लगने वाली प्रतिमा /मूर्ति नियत समय अवधि में स्थापित न किए जाने की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए संस्था पर ₹5 लाख रु का जुर्माना तथा उक्त संस्था को ब्लैक लिस्ट करने के आदेश भी दिए हैं। इसके अलावा वृंदावन परिक्रमा मार्ग पर महिला शौचालय के निर्माण की गुणवत्ता पर नाराजगी व्यक्त करते हुए उन्होंने कार्यदाई संस्था पर 10 लाख रुपए का जुर्माना तथा ब्लैक लिस्ट करने के निर्देश दिए हैं।
आगरा में सोमवार को मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण द्वारा जनपद में कराए जा रहे विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा बैठक मंडलायुक्त श्रीमती रितु माहेश्वरी द्वारा की गयी । बैठक में अभियंत्रण अनुभाग के अंतर्गत नगरीय व्यवस्थापन से स्वीकृत कार्यों की समीक्षा में बताया गया कि बरसाना में राधा रानी मंदिर पर कराए जा रहे विकास कार्यों में अभी तक कोई टेंडरिंग नहीं हो पाई है इसकी तिथि बढ़ाई गई है जिस पर मण्डलायुक्त द्वारा जल्द से जल्द निविदा जारी करने के निर्देश दिए गए। मथुरा-वृंदावन गोवर्धन में फसाड लाइटिंग हेतु स्थान का चयन कर लिया गया है उक्त के संबंध में मण्डलायुक्त द्वारा एक सप्ताह में तथा बरसाना में सौन्दर्यीकरण के कार्यों हेतु एक सप्ताह में टेंडर प्रक्रिया पूर्ण करने के निर्देश दिए। वृंदावन में श्री बांके बिहारी मंदिर के रास्ते और नगर निगम की सीमा अंतर्गत कार्य हेतु नगर निगम को धनराशि हस्तांतरण करने पर मण्डलायुक्त ने निर्देश दिए कि माह के अंत तक टेंडर प्रक्रिया पूर्ण कराई जाए अन्यथा हस्तांतरित धनराशि वापस प्राप्त की जाए। मथुरा-वृंदावन में छटीकरा मार्ग पर डिवाइडर मरम्मत एवं नवनिर्माण कार्य की समीक्षा में बताया गया कि कार्य पूर्ण हो चुका है तथा हस्तान्तरण करने हेतु कार्यवाही की जा रही है।
मथुरा-वृंदावन के विभिन्न महत्वपूर्ण स्थलों पर स्कल्पचर मूर्तियां स्थापित किए जाने की तैयारी धीमी प्रगति पर होने पर कार्यदायी संस्था पर मण्डलायुक्त ने अर्थदंड रू. 05 लाख तथा ब्लैक लिस्टिंग की कार्यवाही के निर्देश दिए। गोवर्धन में श्रद्धालुओं को आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराने हेतु 30 गोल्फकार्ट क्रय की स्थिति में बताया गया कि 15 गोल्फ कार्टों का संचालन किया जा रहा है तथा शेष 15 की आपूर्ति न करने पर कार्यदायी संस्था को नोटिस दिया गया है, इसके संबंध में उन्होंने निर्देश निर्गत किए की कंपनी को नोटिस देते हुए नए टेंडर प्रक्रिया को अमल में लाया जाए। वृंदावन परिक्रमा मार्ग पर 06 स्थानों पर निर्मित महिला शौचालय के निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर नाराजगी व्यक्त करते हुए उन्होंने संस्था को रू. 10 लाख की पेनाल्टी तथा ब्लैकलिस्टेड किए जाने के निर्देश दिए।
बैठक में रहीमपुर-फरह पर 93 हेक्टेयर में टाउनशिप डेवलपमेंट करने की समीक्षा में बताया गया कि 64 हेक्टेयर भूमि के क्रय हेतु सहमति बन गई है तथा शेष के लिए कार्यवाही की जा रही है। वर्तमान में 45 हेक्टेयर भूमि का क्रय किया जा सकता है, उक्त के सम्बन्ध में मण्डलायुक्त द्वारा कहा गया कि जब तक टाउनशिप के लिए अधिक से अधिक भूमि क्रय करने की उपलब्धता न हो जाए तब तक बैनामें न शुरू किये जाएं। इसके अतिरिक्त उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि एक माह के अन्दर सहमति बनाते हुए अधिक से अधिक भूमि खरीदना सुनिश्चित करें। छाता में टाउनशिप डवलेपमेंट की समीक्षा में बताया गया कि टाउनशिप हेतु चयनित क्षेत्र में रोड के किनारे कुछ व्यक्तियों द्वारा क्रय पर असहमति जताई है और उनके द्वारा अनाधिकृत तरीके से निर्माण भी किया गया है इस पर मण्डलायुक्त ने अवेध निर्माण हटवाने तथा जल्द से जल्द भूमि का क्रय करने के निर्देश दिए।
बैठक में जवाहर बाग में स्थित पार्क पर लाइट एण्ड साउण्ड शो की प्रगति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए निर्देश दिए कि लाइट एण्ड साउण्ड शो हेतु निर्माण कार्य समय सीमा में पूर्ण होना चाहिए तथा लाइट एण्ड साउण्ड शो मुख्यतः श्रीकृष्ण के जीवन पर आधारित हो जोकि मथुरा में बिताया गया हो। इसके लिए मथुरा के प्रमुख स्थान बरसाना, नंदगांव, निधिवन, मथुरा आदि से श्रीकृष्ण का सम्बन्ध प्रदर्शित करते हुए उनकी लीलाओं तथा कार्यों का प्रदर्शन किया जाए।
बैठक में अवैध निर्माण सम्बन्धी वादों की समीक्षा करते हुए मण्डलायुक्त ने निर्देश दिए कि सम्पूर्ण जनपद की प्रवर्तन टीमों का पुनर्गठन किया जाए तथा यह ध्यान में रखा जाए कि टीम के जो सदस्य पूर्व में इंफोर्समेंट टीम का हिस्सा रहें हैं उन्हें उस स्थान पर तैनात न किया जाए जहां वह पहले भी तैनात रह चुकें हैं।
7455095736
Vijay Singhal
Author: Vijay Singhal

50% LikesVS
50% Dislikes

Leave a Reply

Your email address will not be published.