हिदुस्तान 24 टीवी न्यूज चीफ विजय सिंघल
मथुरा के दो दिवसीय दौरे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को देर शाम मथुरा पहुंच गए। चंडीगढ़ से आगरा पहुंचने में हुई देरी के कारण उनका मथुरा आगमन भी करीब ढाई घंटे देरी से हुआ। बरसात के कारण महारास कार्यक्रम स्थगित होने पर उन्हें सीधे रात्रि विश्राम के लिए यूपी वेटरनेरी यूनिवर्सिटी ले जाया गया। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में फेरबदल से पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की सांसें फूली रहीं। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत दो दिवसीय दौरे पर मुख्यमंत्री को शाम 5:25 बजे वेटरनेरी यूनिवर्सिटी हेलीपैड पर हेलीकॉप्टर से उतरना था। लेकिन चंडीगढ़ से आगरा आगमन में हुई देरी के चलते मुख्यमंत्री करीब ढाई घंटे की देरी से (रात 8 बजे) मथुरा पहुंचे। इस बीच बरसात और अंधेरा होने पर प्रशासनिक अमले ने मुख्यमंत्री के लिए सड़क मार्ग का उपयोग किया। आगरा से यमुना एक्सप्रेस वे के माध्यम से मुख्यमंत्री का काफिला राया इंटरचेंज और फिर मथुरा-बरेली मार्ग से वेटरनेरी यूनिवर्सिटी तक लाया गया। सीएम के आगमन को देखते हुए मथुरा से आगरा तक यमुना एक्सप्रेस वे पर अलर्ट कर दिया गया। जगह-जगह पुलिस बल तैनात कर दिया गया। विकल्प के तौर पर जिला प्रशासन ने गत दिवस ही मथुरा-बरेली मार्ग के गड्ढों की मरम्मत करा दी थी। हालांकि मुख्यमंत्री के आगमन से पहले ही हेलीकॉप्टर वेटरनेरी यूनिवर्सिटी के हेलीपैड पर पहुंच गया था। अब इसका उपयोग बुधवार को मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में किया जाएगा। वेटरनेरी यूनिवर्सिटी पहुंचने पर मुख्यमंत्री का अभिनंदन पुष्प देकर ब्रज तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष शैलजाकांत मिश्र, वेटरनेरी यूनिवर्सिटी के कुलपति प्रो. एके श्रीवास्तव और डीएम पुलकित खरे ने किया।
7455095736
Author: Vijay Singhal
100% LikesVS
0% Dislikes
