• Sun. Feb 15th, 2026

ब्रज विकास की परियोजनाओं में देरी को लेकर सीईओ नाराज

ByVijay Singhal

Nov 21, 2025
Spread the love
हिदुस्तान 24 टीवी न्यूज चीफ विजय सिंघल
मथुरा। उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद की जिला स्तरीय नियोजन एवं विकास समिति की बैठक  परिषद सभागार में हुई। बैठक में विभिन्न परियोजनाओं से जुड़े वन विभाग की आपत्तियों के निस्तारण में हो रही देरी पर सीईओ ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने कोकिलावन परियोजना की टेंडरिंग में विलंब पर वन विभाग को कारण बताओ नोटिस जारी कर पूरी स्थिति प्रमुख सचिव को भेजने के निर्देश दिए। बुधवार को आयोजित बैठक में सीईओ सूरज पटेल ने कहा कि मथुरा सामान्य जनपद नहीं है। मथुरा, अयोध्या और काशी मुख्यमंत्री की प्राथमिकता में हैं, इसलिए सभी सरकारी एजेंसियों को उसी गंभीरता के साथ कार्य करना होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री के ब्रज विकास विजन को समयबद्ध और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करना ही सभी की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सीईओ ने वन विभाग से संबंधित आपत्तियों के शीघ्र निस्तारण के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त करने को कहा, जिससे किसी भी परियोजना में वन विभाग से जुड़ी आपत्ति का जल्द निस्तारण किया जा सके। साथ ही पेड़, झाड़ी आदि के मानकों को लेकर स्पष्ट गाइडलाइन जारी करने के निर्देश भी दिए, जिसमें कौन से पेड़ काटे जा सकते हैं, किन पर प्रतिबंध रहेगा और संबंधित एजेंसियों की जिम्मेदारी क्या होगी। सुनरख क्षेत्र में बरसात का मौसम निकल जाने के बाद भी पौधारोपण न किए जाने पर भी उन्होंने नाराजगी जताई। विभिन्न परियोजनाओं में विद्युत पोल हटाने में भी हो रही देरी पर उन्होंने कहा जिस परियोजना में धनराशि जमा हो चुकी है, वहां तुरंत पोल हटाए जाएं। इसके अलावा उन्होंने सिंचाई, जल निगम, पीडब्ल्यूडी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ तकनीकी बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई तथा परियोजनाओं को गति देने के निर्देश दिए गए। बैठक में विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष श्याम बहादुर सिंह, परिषद के एसीईओ मदन चंद्र दुबे, पीडब्ल्यूडी के एसई सीपी सिंह, विद्युत विभाग के एसई आरपी सिंह, नगर निगम के एक्सईएन अमरेंद्र गौतम, पीडब्ल्यूडी एक्सईएन अजय कुमार, नियोजन से स्मिता, जिला पर्यटन अधिकारी हेमंत शर्मा, विकास प्राधिकरण के एक्सईएन प्रशांत गौतम, उज्ज्वल ब्रज के सचिव अनंत शर्मा उपस्थित रहे। — निकाय अध्यक्षों ने रखे प्रस्ताव मथुरा। बैठक में स्थानीय निकाय अध्यक्षों ने अपने क्षेत्रों से जुड़े विकास प्रस्ताव रखे। गोकुल अध्यक्ष संजय दीक्षित ने कच्ची परिक्रमा और नए घाट निर्माण का प्रस्ताव रखा। गोवर्धन नगर पंचायत प्रतिनिधि मनीष लंबरदार एवं छाता से कान्हा सिंह ने कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव दिए। सौंख अध्यक्ष योगेश ने सौंख टीला संरक्षण का मुद्दा उठाया। बरसाना अध्यक्ष प्रतिनिधि पदम चंद्र फौजी ने पहाड़ी क्षेत्रों में अतिक्रमण और खाली जमीन की जानकारी प्रस्तुत की। राधाकुण्ड अध्यक्ष ने कुंडों के संरक्षण पर और फरह अध्यक्ष ने सूर साधना स्थली के विकास का प्रस्ताव दिया।
7455095736
Vijay Singhal
Author: Vijay Singhal

50% LikesVS
50% Dislikes

Leave a Reply

Your email address will not be published.