हिदुस्तान 24 टीवी न्यूज चीफ विजय सिंघल
मथुरा के राया कस्बे में एक दुकानदार से दिनदहाड़े मारपीट का मामला सामने आया है। यह घटना पुलिस चौकी से कुछ ही दूरी पर हुई, जिसका सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों ने सुरक्षा व्यवस्था पर चिंता जताई है। जानकारी के मुताबिक, गौरव इलेक्ट्रॉनिक नामक दुकान पर लगभग छह युवक पहुंचे। उन्होंने दुकानदार गौरव अग्रवाल के साथ पहले दुकान के अंदर और फिर सड़क पर खींचकर मारपीट की। यह पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई।दुकानदार गौरव अग्रवाल ने बताया कि 8 नवंबर को सिहोरा निवासी मोहन सिंह अपने बेटों नंद किशोर और रूप किशोर के साथ उनकी दुकान से एक वॉशिंग मशीन खरीदकर ले गए थे। सोमवार को वे मशीन वापस करने आए। दुकानदार ने जीएसटी काटकर 8300 रुपए लौटाए, जबकि युवक पूरी 8500 रुपए की राशि वापस मांग रहे थे। इसी 200 रुपए के विवाद को लेकर मारपीट शुरू हुई। हमलावरों ने गौरव अग्रवाल को गाली-गलौज करते हुए थप्पड़ों और लात-घूसों से पीटा। शोर सुनकर आसपास के दुकानदारों ने हस्तक्षेप किया और हमलावरों को समझा-बुझाकर थाने तक पहुंचाया। घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय व्यापारी बड़ी संख्या में थाने पहुंचे और सुरक्षा व्यवस्था की स्थिति पर अपनी चिंता व्यक्त की। स्थानीय लोगों ने बताया कि पुलिस चौकी और कटरा फाटक पर पुलिसकर्मियों की तैनाती के बावजूद ऐसी घटना होना चिंता का विषय है। उनका कहना है कि बाजार में पुलिस गश्त की कमी के कारण ऐसी वारदातें हो रही हैं। थाना प्रभारी निरीक्षक रविभूषण शर्मा ने जानकारी दी कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने आश्वस्त किया कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के बाद कस्बे के आम लोगों और व्यापारियों में पुलिस की कार्यशैली को लेकर असंतोष देखा जा रहा है। उनका मानना है कि पुलिस की सक्रियता से ऐसी घटनाओं को रोका जा सकता है।
7455095736
Author: Vijay Singhal
50% LikesVS
50% Dislikes
