हिदुस्तान 24 टीवी न्यूज चीफ विजय सिंघल
मथुरा। सीबीआई ने कोतवाली रोड स्थित यूको बैंक से सीनियर मैनेजर गरिमा सिंह व उसके एक सहयोगी को दो लाख रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। सीबीआई दोनों को अपने साथ ले गई। देर शाम सीबीआई की ओर से प्रेसनोट जारी होने पर इसकी जानकारी हो सकी। पूरा मामला बैंक शाखा द्वारा स्वीकृत एक करोड़ रुपये के ऋण से जुड़ा हुआ है। हाईवे थाना क्षेत्र के मंडी चाैक निवासी राधाकृष्ण फ्लोर मिल के संचालक मुरारी लाल ने कोतवाली रोड स्थित यूको बैंक में एक करोड़ के ऋण के लिए आवेदन किया था। प्रक्रिया पूरी करने के बाद ऋण स्वीकृत भी हो गया। इसके बाद 90 लाख रुपये की धनराशि फर्म के खाते में स्थानांतरित कर दी गई।

10 लाख रुपये सीनियर मैनेजर गरिमा सिंह ने रोक दिए। शिकायतकर्ता का आरोप है कि गरिमा सिंह ने बकाया 10 लाख रुपये खाते में स्थानांतरित करने के लिए उनसे चार लाख रुपये की रिश्वत की मांग की। यह रिश्वत उन्होंने स्वीकृत ऋण एक करोड़ का चार प्रतिशत कमीशन बताते हुए मांगी थी। शिकायतकर्ता ने मामले की शिकायत सीबीआई से करने के साथ ही दो किस्तों में धनराशि देने के लिए सीनियर मैनेजर को तैयार कर लिया। इसके बाद सोमवार को सीबीआई ने उसे रंगे हाथ गिरफ्तार करने के लिए अपना जाल बिछा दिया। मुरारीलाल के पुत्र सोनू ने पहली किस्त के रूप में सोमवार की दोपहर दो लाख रुपये की धनराशि सीनियर मैनेजर और उनके एक निजी सहयोगी आरिफ मोहम्मद को बैंक शाखा में जाकर दी। जैसे ही उन्होंने रिश्वत की धनराशि हाथ में ली, सीबीआई ने दोनों को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। सीबीआई दोनों को गिरफ्तार कर अपने साथ ले गई है।
7455095736
