हिदुस्तान 24 टीवी न्यूज चीफ विजय सिंघल
मथुरा के रेलवे ग्राउंड में आयोजित किए जा रहे ब्रज रज उत्सव का समापन हो गया। 11 दिन तक चले इस उत्सव में नामचीन कलाकारों ने अपनी प्रस्तुति दी, तो लोक कलाकारों ने भी अपनी कला का प्रदर्शन किया। उत्सव के अंतिम दिन गुजरात से आए प्रख्यात भजन गायक ओसमान मीर के भजनों पर जमकर दर्शक झूमे। ब्रज रज उत्सव 2022 में अपनी कला का जलवा बिखेरने आए लोगों ने अपनी प्रस्तुति के जरिए आखिरी दिन दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। कहीं ढोल बजा रहे कलाकार तो कहीं नगाड़े बज रहे थे। उज्जैन से आए भस्म रमैया भक्त मंडल के सदस्य भी अपनी कला का प्रदर्शन करने से पीछे नहीं रहे। उज्जैन से आए 10 से कलाकारों के इस ग्रुप ने एक सुर ताल में मजीरे और डमरू को बजाया तो पूरा कार्यक्रम स्थल झंकार से झंकृत हो उठा। ओसमान मीर गुजरात के लोक गायकों में बड़ा नाम है। ओसमान मीर ने गुजराती भाषा में कई भजन गाए हैं तो कई हिंदी भजन भी उनके प्रसिद्ध हैं। ब्रज रज उत्सव के अंतिम दिन ओसमान मीर ने मथुरा के रेलवे ग्राउंड में अपने भजनों की प्रस्तुति दी तो श्रोता मंत्र मुग्ध हो गए। राधा कृष्ण पर भजन गाए तो दर्शक उनकी आवाज के कायल हो गए। अपनी टीम के साथ मंच पर पहुंचे ओसमान मीर ने अपनी पहली प्रस्तुति बांसुरी तू बैरन भई काहे हमें दुख देत भजन गा कर दी। इसके बाद उन्होंने श्याम तेरी बंसी पुकारे राधा नाम,प्रेम की माला रंग दे, एक राधा एक मीरा दोनों ने श्याम को चाहा भजन गाए तो दर्शक झूमने को मजबूर हो गए। ब्रज तीर्थ विकास परिषद,उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग और जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित 11 दिवसीय ब्रज रज उत्सव के अंतिम दिन उत्सव में प्रस्तुति देने वाले कलाकारों का पटका पहनाकर और स्मृति चिन्ह देकर सम्मान किया गया। कार्यक्रम के अंत में पटेबाजी के लिए निर्मोही अखाड़े के संत प्रेमदास महाराज,लोक नृत्य के लिए सीमा मोरवाल,लोक तान के लिए महेश दत्त व्यास,भगत मोरध्वज नाटक के मंचन के लिए खेमचंद यदुवंशी,लोक कलाकर जगदीश ब्रजवासी,ब्रज की पारंपरिक होली का प्रदर्शन करने वाले ओमप्रकाश डागौर,हवेली संगीत गाने वाले कन्हैया लाल चतुर्वेदी,सपेरा बीन की प्रस्तुति देने वाले मानिक चंद आदि कलाकारों का सम्मान किया गया। ब्रज रज उत्सव के दौरान ब्रज तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष शैलजा कांत मिश्रा, मुख्य कार्यकारी अधिकारी नागेंद्र प्रताप, डिप्टी सीईओ पंकज वर्मा,जिला पर्यटन अधिकारी डी के शर्मा, अपर नगर आयुक्त क्रांति शेखर सिंह के अलावा पद्म श्री मोहन स्वरूप भाटिया, उद्योग पति पवन चतुर्वेदी,राजीव अग्रवाल आदि उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉक्टर उमेश शर्मा ने किया।
7455095736
