पूरे महीने लगता है श्रद्धालुओं का डेरा
एकादशी से कार्तिक मास नियम सेवा वाले भक्त अपने इष्ट को मनाने में जुट जाते हैं। पूरे माह हजारों श्रद्धालु यहां डेरा डालते हैं। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने होटल और गेस्ट हाउस में पहले से ही बुकिंग करा ली है। ईस्कॉन मंदिर में कार्तिक महीने में नियम सेवा करने को दुनियाभर के देशों से हजारों श्रद्धालु वृंदावन में एक महीने डेरा डालते हैं। कार्तिक महीने की शुरुआत से पहले ही एक हजार विदेशी भक्त वृंदावन आ रहे हैं। पूरे महीने में 20 हजार से अधिक विदेशी भक्त वृंदावन में नियम सेवा, दीपदान, पंचकोसी परिक्रमा, गिरिराज जी की परिक्रमा और चौरासी कोस परिक्रमा करेंगे। विकास प्राधिकरण ने मानक पूरे न करने वाले होटल और गेस्ट हाउस संचालकों को नोटिस दिया है, ऐसे में उनमें खलबली मची है। ज्यादातर का निर्माण मानकों को ताक पर रखकर हुआ है। ऐसे में समय रहते मानक पूरे करना भी संभव नहीं है। कई होटल बंद हो गए हैं, तो बाकी में बुकिंग नहीं ली जा रही है। कार्तिक में ज्यादातर होटल बंद हुए, तो श्रद्धालुओं के आगे मुश्किल आएगी।
