मथुरा। वृंदावन के श्री बांकेबिहारी मंदिर में बुधवार को हुए हंगामे के बाद अब कमेटी ने सख्त रुख अख्तियार किया है। कमेटी ने जहां दो गोस्वामियों को चेतावनी दी है, वहीं भविष्य में किसी प्रकार का हंगामा करने पर कानूनी कार्रवाई करने तक की बात कही है। बृहस्पतिवार को हुई कमेटी की आपात बैठक में इस मुददे पर प्रस्ताव पास किया गया। साथ ही गोस्वामियों से भी स्पष्ट कहा गया कि कमेटी का किसी पर दबाव नहीं है। सेवाधिकारी अपने हिसाब से पूजा करें और ठाकुरजी को विराजमान करें। कमेटी केवल सुगम दर्शन कराना चाहती है। विदित हो कि बुधवार को ठाकुरजी को सुबह जगमोहन में विराजमान किया गया। कमेटी के सदस्य सेवायत श्रीवर्धन गोस्वामी की सेवा में जगमोहन में ठाकुर जी ने श्रद्धालुओं को दर्शन दिए लेकिन शाम के दर्शन खुलने से पहले गर्भगृह में ताला लगा देने से हंगामा हो गया था। कई सेवायतों ने मंदिर पहुंचकर विरोध किया। कमेटी के अध्यक्ष अशोक कुमार और सदस्य मुकेश मिश्रा ने मंदिर पहुंचकर सेवायतों से बात की लेकिन वह शाम को गर्भगृह से दर्शन कराने पर अडे़ रहे। वह कमेटी से जगमोहन में दर्शन कराने के लिए लिखित में आदेश मांग रहे थे लेकिन इस पर कमेटी के अध्यक्ष अशोक कुमार ने स्पष्ट किया कि वह सेवायतों से अनुरोध कर रहे हैं, आदेश नहीं दे रहे। इस मामले में बृहस्पतिवार को हुई आपात बैठक में सदस्य मुकेश मिश्रा ने स्पष्ट किया कि कमेटी का दर्शन व्यवस्था को लेकर कोई दवाब नहीं है। आपात बैठक के दौरान कमेटी के सदस्य के अतिरिक्त दो गोस्वामी पहुंच गए। कमेटी के पदाधिकारियों ने उन्हें मीटिंग से बाहर जाने को कह दिया। उनसे साफ शब्दों में कह दिया गया कि आप लोगों में मीटिंग में आने के लिए अधिकृत नहीं हैं।
7455095736
Author: Vijay Singhal
50% LikesVS
50% Dislikes
