हिदुस्तान 24 टीवी न्यूज चीफ विजय सिंघल
मथुरा। वृंदावन में ठाकुर श्री बांकेबिहारी महाराज शरद पूर्णिमा की धवल चांदनी में दिव्य दर्शन देकर भक्तों को कृतार्थ करेंगे। हीरे-मोती और जवाहरात के साथ शृंगार कर आराध्य मुरली बजाते हुए भक्तों को दर्शन देंगे। मंदिर में शरद पूर्णिमा की तैयारियां शुरू हो गईं हैं। बांकेबिहारी मंदिर परिसर को श्वेत वस्त्रों और विद्युत रोशनी से सजाया जा रहा है। दावा किया जा रहा है कि शरद पूर्णिमा पर करीब पांच लाख श्रद्धालु यहां पहुंचेंगे। इसे लेकर पुलिस प्रशासन भी तैयारियों में जुटा है। श्री बांकेबिहारी मंदिर के सेवायत आचार्य श्रीनाथ गोस्वामी ने बताया कि नौ अक्तूबर को शरद पूर्णिमा है। शरद पूर्णिमा की रात ठाकुर बांकेबिहारी महाराज स्वर्ण-रजत सिंहासन पर विराजमान होकर भक्तों को दर्शन देंगे। हाथों में मुरली, छड़ी, कमर में मोरमुकुट एवं कटकाछिनी धारण कर निकुंज लताओं में सखियों के साथ महारास की छवि का भव्य दर्शन होगा। सेवायत आचार्य श्रीनाथ गोस्वामी ने बताया कि शरद पूर्णिमा पर चंद्रमा सोलह कलाओं से परिपूर्ण होता है। यही कारण है भगवान श्रीकृष्ण ने शरद पूर्णिमा की रात वंशीवट पर गोपियों संग महारास किया था। ठाकुर बांकेबिहारी केवल शरद पूर्णिमा पर ही महारास की मुद्रा में बंसी धारण कर भक्तों को दर्शन देते हैं। श्री बांकेबिहारी मंदिर के जगमोहन में श्वेत पोशाक में चांदी के सिंहासन पर विराजमान बांकेबिहारी पर जब आसमान से चंद्रमा की धवल रोशनी पड़ेगी तो भक्त निहाल हो उठेंगे। ये दिव्य दर्शन वर्षभर में एक ही बार शरद पूर्णिमा की रात को होते हैं। भीड़ को देखते हुए सात अक्तूबर शाम से वृंदावन में बाहरी चार पहिया, ट्रक और बसों का प्रवेश नहीं होगा। यह व्यवस्था 10 अक्तूबर सोमवार की सुबह तक जारी रहेगी। वृंदावन कोतवाली प्रभारी सूरज प्रकाश शर्मा ने यह जानकारी दी है।
7455095736
Author: Vijay Singhal
50% LikesVS
50% Dislikes