हिदुस्तान 24 टीवी न्यूज चीफ विजय सिंघल
मथुरा। सौंख में पांच दिन पूर्व निलंबित हुए प्रधानाचार्य व प्रवक्ता की बहाली नहीं होने पर आक्रोशित छात्राओं ने जाजन पट्टी सौंख मार्ग पर जाम लगा दिया और प्रबंधक के खिलाफ नारेबाजी की। बता दें कि निलंबित शिक्षिका के वेतन बिल पर हस्ताक्षर नहीं करने पर प्रबंधक द्वारा प्रधानाचार्य व प्रवक्ता को निलंबित कर दिया था। जाम की सूचना पर पुलिस बल भी मौके पर पहुंच गया। गांव मगोर्रा के जनता विद्यालय इंटर कॉलेज प्रधानाचार्य प्रवीण कुमार व प्रवक्ता गोविंद त्रिपाठी को प्रबंधक ओमवीर सिंह ने विगत दिनों निलंबित कर दिया था। इसके बाद बृहस्पतिवार को प्रधानाचार्य व प्रवक्ता की बहाली के लिए विद्यालय की छात्राओं ने प्रबंधक के खिलाफ प्रदर्शन किया था। शुक्रवार को दोनों शिक्षकों की बहाली के लिए छात्राएं जिला पंचायत अध्यक्ष किशन चौधरी के कार्यालय पहुंची तो किशन चौधरी ने जिला विद्यालय निरीक्षक रविंद्र सिंह, प्रबंधक ओमवीर सिंह, सहित निलंबित दोनों शिक्षकों से वार्ता की और दोनों शिक्षकों की बहाली की बात कही। उन्होंने छात्राओं को प्रधानाचार्य व प्रवक्ता की बहाली का आश्वासन दिया, लेकिन सोमवार तक भी बहाली नहीं होने से आक्रोशित विद्यालय की छात्राओं ने सोमवार को जाजन पट्टी- सौंख मार्ग पर जाम लगा दिया और प्रबंधक के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। सीओ गोवर्धन अनिल कुमार सिंह व थाना प्रभारी हरीश चौधरी मय फोर्स के पहुंच गए। दो घंटे चले इस जाम को सीओ अनिल कुमार सिंह के आश्वासन पर छात्राओं ने खोल दिया। सीओ अनिल कुमार सिंह ने जिला विद्यालय निरीक्षक से फोन पर वार्ता की और कहा कि निलंबित प्रधानाचार्य सहित शिक्षक और प्रबंधक की बैठक कर समाधान कराया जाए। इस बारे में प्रबंधक ओमवीर सिंह का कहना है कि जिला पंचायत अध्यक्ष किशन चौधरी के कार्यालय पर डीआईओएस सहित निलंबित शिक्षकों की बहाली पर वार्ता हुई थी। इसके बाद कार्यदिवस में प्रबंध समिति की बैठक कर जल्द समाधान किया जाएगा।
7455095736
Author: Vijay Singhal
50% LikesVS
50% Dislikes
