हिदुस्तान 24 टीवी न्यूज चीफ विजय सिंघल
मथुरा के बलदेव में विश्व विख्यात हुरंगा को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारी शुरू कर दी हैं। पूरे बलदेव को पांच सेक्टर में बांटा गया है। हर सेक्टर में बड़ी संख्या में पुलिस तैनात होगी। जगह-जगह बैरियर लगाए जाएंगे। सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए जाएंगे। श्रद्धालुओं को किसी तरह की असुविधा नहीं होगी, इसको लेकर खाका खींचा गया है। श्रीदाऊजी महाराज का विश्व प्रसिद्ध हुरंगा पांच मार्च को होगा। थाना बलदेव परिसर में तैयारी को लेकर बैठक आयोजित की गई। एसडीएम महावन कंचन गुप्ता ने पुलिस विभाग, स्वास्थ्य विभाग, विद्युत विभाग, मंदिर प्रबंधक, पीडब्ल्यूडी अधिकारियों को सभी तैयारियां जल्द पूर्ण करने के लिए कहा। क्षेत्राधिकारी श्वेता वर्मा ने बताया, होली शांति और प्रेम का त्योहार है। शांति व्यवस्था बनाने के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात किया जाएगा। हुरंगा को शांति के साथ सफल बनाने के लिए पुलिस मुस्तैद रहेगी। एसडीओ प्रकाश सिंह ने बताया निरीक्षण कर जर्जर खंभे बदलवाए जाएंगे, वहीं खंभे व डीपी बाक्स पर प्लास्टिक लगवाई जाएगी, ताकि करंट न लग सके। जर्जर बिजली केबिलों को ठीक कराया जाएगा। सीएचसी प्रभारी बिजेंद्र सिसौदिया व डाक्टर राहुल ने बताया हुरंगा के लिए मेडिकल कैंप लगाए जाएंगे। आपातकालीन स्थिति के लिए तीन एंबुलेंस तैनात रहेंगी। थानाध्यक्ष पुष्पेंद्र सिंह व मिथलेश उपाध्याय ने क्षीर सागर कुंड का भ्रमण कर स्थिति का जायजा लिया। नगर पंचायत द्वारा क्षीर सागर कुंड में भरे पानी की निकासी शुरू करा दी गई है। स्वच्छ और ताजा पानी भरवाया जाएगा। बैठक में दाऊजी मंदिर प्रबंधक केपी तोमर, पूर्व चेयरमैन कमल कुमार पांडेय, विनोद मोदी, पीतम्बर पांडेय, डॉक्टर प्रवीण पांडेय, लेखराज सिंह पहलवान, सभासद रवि पांडेय, प्रधान विपिन सिकरवार, ब्रजेश पांडेय, सभासद श्रीकांत मौजूद रहे।
