हिदुस्तान 24 टीवी न्यूज चीफ विजय सिंघल
मथुरा। ब्रज की समृद्ध संस्कृति, परंपराओं और उत्सवों को अब एक ही स्थान पर देखने और समझने का अवसर मिलेगा। वृंदावन शोध संस्थान अपने ब्रज संस्कृति संग्रहालय का विस्तार करने जा रहा है। इसके तहत एक केंद्रीय संग्रहालय विकसित किया जाएगा, जिसमें ब्रज के प्रमुख त्योहारों, मंदिरों की परंपराओं, लोककलाओं और धार्मिक आयोजनों को आकर्षक ढंग से प्रदर्शित किया जाएगा। संग्रहालय में चित्रों के साथ वीडियो स्क्रीन के माध्यम से भी ब्रज के उत्सवों का सजीव दर्शन कराया जाएगा। इससे देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालु और पर्यटक किसी भी महीने ब्रज के पूरे साल चलने वाले उत्सवों की जानकारी एक ही छत के नीचे प्राप्त कर सकेंगे। सांझी कला और ब्रज की मल्ल विद्या को भी संग्रहालय का हिस्सा बनाया जाएगा। श्रीकृष्ण और बलराम के मल्ल युद्ध के प्रसंग के साथ वन देवी वृंदा और ब्रज की लोकसंस्कृति से जुड़े विषयों को भी प्रदर्शित किया जाएगा। संग्रहालय में आने वाले लोगों को केवल चित्र देखने तक सीमित नहीं रहना पड़ेगा। यहां वीथिकाओं और कलावस्तुओं से जुड़ी जानकारी आडियो माध्यम से भी मिलेगी। इसके लिए आधुनिक लाइटिंग, डिजिटल कियोस्क और अन्य तकनीकी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। विशेषज्ञों की मदद से प्रत्येक वीथिका को इस तरह तैयार किया जाएगा कि दर्शक ब्रज की संस्कृति और उसकी परंपराओं को आसानी से समझ सकें।
वृंदावन शोध संस्थान के निदेशक डॉ. राजीव द्विवेदी के अनुसार, संग्रहालय का विस्तार कार्य शुरू होने जा रहा है। इसका उद्देश्य ब्रज की सांस्कृतिक विरासत को व्यवस्थित और आकर्षक रूप में प्रस्तुत करना है। क्यूरेटर ममता गौतम के अनुसार, अलग-अलग वीथिकाओं के माध्यम से ब्रज के उत्सवों, लोककलाओं और धार्मिक परंपराओं का जीवंत चित्रण किया जाएगा। शोध अधिकारी डॉ. राजेश शर्मा ने बताया कि संग्रहालय में प्रदर्शित विषयों को संस्थान के पांडुलिपि ग्रंथागार में संरक्षित प्राचीन ग्रंथों और पांडुलिपियों के प्रमाणिक संदर्भों से भी जोड़ा जाएगा। इससे शोधार्थियों को ब्रज संस्कृति के अध्ययन में मदद मिलेगी। वहीं, श्रद्धालु और पर्यटक ब्रज की परंपराओं को प्रमाणिक जानकारी के साथ समझ सकेंगे।
7455095736
Author: vijay.singhal1233
50% LikesVS
50% Dislikes
