हिदुस्तान 24 टीवी न्यूज चीफ़ विजय सिंघल
मथुरा। बरसाना बस स्टेशन पर अभद्र व्यवहार करने, धमकी देने और बस संचालन बाधित करने के मामले में मथुरा डिपो प्रभारी ने मुख्यमंत्री ग्राम परिवहन योजना-2026 के तहत संचालित बस के स्वामी को नोटिस जारी किया है। नोटिस में भविष्य में ऐसी शिकायत मिलने पर योजना के तहत बस संचालन की अनुमति और सुविधाएं तत्काल समाप्त करने की चेतावनी दी गई है। यह कार्रवाई बरसाना बस स्टेशन प्रभारी की रिपोर्ट पर की गई। रिपोर्ट के अनुसार, 12 नवंबर को पूर्वाह्न 11 बजे बस संख्या यूपी 85 जीटी 4909 के स्वामी गोपी बस स्टेशन पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने स्टेशन का संचालन बाधित किया और स्टेशन प्रभारी के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए धमकी दी। समझाने के प्रयास के बावजूद उन्होंने अनुचित भाषा का प्रयोग किया। उस समय मथुरा डिपो के चालक दिगम्बर सिंह और राजेश कुमार तथा परिचालक राजेंद्र कुमार और खेम सिंह मौजूद थे।डिपो प्रभारी ने नोटिस में कहा है कि इस व्यवहार से बस स्टेशन पर अशांति का माहौल बना और जनता के बीच परिवहन निगम की छवि धूमिल हुई। योजना के तहत संचालित बसों के स्वामियों को बस स्टेशन परिसर में आने की अनुमति नहीं है। भविष्य में शिकायत मिलने पर बिना अग्रिम सूचना अनुमति और सुविधाएं समाप्त कर दी जाएंगी। इससे होने वाली वित्तीय और प्रशासनिक क्षति की जिम्मेदारी बस स्वामी की होगी। वरिष्ठ केंद्र प्रभारी मथुरा और बस स्टेशन प्रभारी भूतेश्वर, गोवर्धन व बरसाना को निर्देश दिए गए हैं कि ऐसी स्थिति में संबंधित स्वामी की रिपोर्ट तत्काल एआरएम कार्यालय भेजें।
